राहुल का महाराष्ट्र दौरा: कोल्हापुर में दलित के घर खाया खाना, किचन में हाथ भी बंटाया, कहा - 'दलित क्या खाते हैं, कैसे पकाते हैं, कोई नहीं जानता'

  • महाराष्ट्र के कोल्हापुर में दलित परिवार के घर पहुंचे राहुल गांधी
  • खाना बनाने में बंटाया हाथ
  • वीडियो सोशल मीडिया पर किया पोस्ट

Bhaskar Hindi
Update: 2024-10-07 15:17 GMT

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र में इस साल के अंत तक विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। जल्द ही चुनाव की तारीखों का ऐलान भी हो जाएगा। इस बीच कांग्रेस नेता महाराष्ट्र के कोल्हापुर में एक दलित परिवार के घर पहुंचे। इस दौरान राहुल ने रसोई में खाना खाने के पहले रसोई में जाकर खाना पकाने बनाने में हाथ बंटाया। राहुल ने कहा 'दलित क्या खाते हैं, कैसे पकाते हैं, कोई नहीं जानता।'

दलित क्या खाते हैं, कैसे पकाते हैं, कोई नहीं जानता

उन्होंने सोमवार को एक्स पर इसका एक वीडियो भी शेयर किया। जिसमें उन्होंने लिखा, 'दलित किचन के बारे में आज भी बहुत कम लोग जानते हैं। जैसा शाहू पटोले जी ने कहा, 'दलित क्या खाते हैं, कोई नहीं जानता। वो क्या खाते हैं, कैसे पकाते हैं, और इसका सामाजिक और राजनीतिक महत्व क्या है, इस जिज्ञासा के साथ, मैंने अजय तुकाराम सनदे जी और अंजना तुकाराम सनदे जी के साथ एक दोपहर बिताई।'

सनदे परिवार ने रसोई में हाथ बंटाने का मौका दिया

राहुल ने वीडियो में बताया कि महाराष्ट्र के कोल्हापुर में मुझे अजय तुकाराम सनदे ने अपने घर बुलाकर किचन में हाथ बंटाने का मौका दिया। हमने मिलकर हरभऱ्याची भाजी बनाई। इसे चने के साग की सब्जी भी कहा जाता है। साथ ही बैंगन की सब्जी और तुअर दाल भी बनाई।

कांग्रेस नेता ने आगे कहा, 'पटोले जी और सनदे परिवार के जाति और भेदभाव के निजी अनुभवों पर बात करते हुए, हमने दलित खानपान के प्रति जागरूकता की कमी और इस संस्कृति के डॉक्यूमेंटेशन के महत्व पर चर्चा की। बहुजनों को हिस्सेदारी और अधिकार संविधान देता है, और उस संविधान की रक्षा हम करेंगे। लेकिन समाज में सभी की सच्ची समावेशिता और समानता तभी संभव होगी जब हर एक भारतीय दिल में भाईचारे की भावना के साथ प्रयास करे।'

बीते चार चुनाव से कांग्रेस को वोट नहीं दिया

वहीं राहुल गांधी के साथ महंगाई पर चर्चा करते हुए अजय तुकाराम सनदे ने कहा, लहसुन बहुत महंगा हो गया है। कोई बोल रहा है कि मिलेट्स खाओ, मिलेट्स खाओ। उनके खाओ बोलने से हमारा मिलेट्स महंगा हो गया है, जो पहले बहुत सस्ता था।

उन्होंने आगे कहा, 'मैंने कांग्रेस को कभी वोट नहीं दिया। 4 इलेक्शन तक कांग्रेस को वोट नहीं दिया, क्योंकि हमारा बेल्ट शेतकरी कामगारों का था। हम भाजपा को भी कभी वोट नहीं देते। उन्हें कभी देंगे भी नहीं, लेकिन अब शेतकरी पार्टी खत्म हो गई है, इसलिए मैं आपकी भारत जोड़ो यात्रा में भी आया था।'

Tags:    

Similar News