MP Election 2023: महाकौशल की 38 सीटों पर 402 प्रत्याशी, 2 केन्द्रीय मंत्री तथा 2 सांसद समेत प्रदेश सरकार के 2 मंत्री और पीसीसी चीफ भी चुनाव मैदान में

मध्य प्रदेश में महाकौशल का चुनावी समीकरण

Bhaskar Hindi
Update: 2023-11-02 17:12 GMT

डिजिटल डेस्क, जबलपुर। नाम वापसी के साथ सभी विधानसभा सीटों पर 2023 के चुनावी समर में उतरने वाले प्रत्याशियों की स्थिति साफ हो गई है। महाकौशल की 38 विधानसभा सीटों पर कुल 402 प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतरे हैं। इनमें 2 केन्द्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल (नरसिंहपुर) तथा फग्गन सिंह कुलस्ते (निवास) समेत दो सांसद राकेश सिंह (जबलपुर पश्चिम) तथा राव उदयप्रताप (गाडरवारा) भी शामिल हैं। प्रदेश सरकार के 2 मंत्री गौरीशंकर बिसेन (बालाघाट) तथा रामकिशोर कांवरे (परसवाड़ा) समेत खनिज विकास निगम के अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल (वारासिवनी) भी चुनाव मैदान में हैं। सबसे ज्यादा 19 प्रत्याशी जबलपुर जिले की पाटन विधानसभा सीट पर हैं जबकि सबसे कम पांच-पांच प्रत्याशी मंडला जिले की निवास तथा बिछिया सीट पर उतरे हैं।

इनकी भी प्रतिष्ठा दांव पर

पूर्व मुख्यमंत्री तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ सहित उनकी सरकार में शामिल रहे पूर्व मंत्री तरूण भनोत (जबलपुर पश्चिम), लखन घनघोरिया (जबलपुर पूर्व) तथा कांग्रेस की केन्द्रीय स्क्रीनिंग कमेटी के सदस्य ओमकार मरकाम (डिंडोरी) भी एक बार फिर चुनाव मैदान में हैं और प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है। प्रतिष्ठा तो दांव पर भाजपा सरकार में शामिल रहे पूर्व मंत्री संजय पाठक (विजयराघवगढ़), अंचल सोनकर (जबलपुर पूर्व), अजय विश्नोई (पाटन), नानाभाऊ मोहड़ (सौंसर) तथा भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धुर्वे (शहपुरा) की भी लगी हुई है। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एनपी प्रजापति (गोटेगांव) तथा पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष हिना कांवरे (लांजी) भी चुनाव मैदान में हैं।

जानें कहां कितने प्रत्याशी

- जबलपुर (83 प्रत्याशी) : जबलपुर पूर्व 6, जबलपुर पश्चिम 10, जबलपुर उत्तर-मध्य 8, जबलपुर केंट 15, पाटन 19, सिहोरा 6, बगरी 9, पनागर 10

- कटनी ( 57 प्रत्याशी) : मुड़वारा 18, बहोरीबंद 18, विजयराघवगढ़ 13, बड़वारा 8

- नरसिंहपुर (33 प्रत्याशी) : गोटेगांव 10, नरसिंहपुर 8, गाडरवारा 9, तेंदूखेड़ा 6

- सिवनी ( 47 प्रत्याशी) : लखनादोन 12, सिवनी 13, केवलारी 12, बरघाट 10

- मंडला ( 21 प्रत्याशी) : निवास 5, मंडला 11, बिछिया 5

- डिंडोरी (15 प्रत्याशी) : शहपुरा 7, डिंडोरी 8

- बालाघाट (67 प्रत्याशी) : वारासिवनी 11, कटंगी 10, बालाघाट 17, परसवाड़ा 9, बैहर 10, लांजी 10

- छिंदवाड़ा (79 प्रत्याशी) : चौरई 13, छिंदवाड़ा 12, अमरवाड़ा 9, परासिया 12, सौंसर 15, पांढर्ऩा 8, जुन्नारदेव 10

शहडोल संभाग की 8 सीटों पर 77 प्रत्याशी

शहडोल संभाग की 8 सीटों पर मंत्री मीना सिंह (मानपुर) तथा बिसाहूलाल (अनूपपुर) समेत कुल 77 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। दो प्रशासनिक अफसर राज्य प्रशासनिक सेवा से इस्तीफा देने वाले रमेश सिंह (अनूपपुर) तथा रिटायर्ड आईएएस विनोद सिंह (कोतमा) भी चुनाव लड़ रहे हैं। संभाग में ऐसा पहली बार हो रहा है कि यहां जेल में बंद रहते हुए भी कोई चुनाव लड़ रहा है। उमरिया में आंदोलन के दौरान हुई हिंसा के मामले में जेल में बंद राधेश्याम काकोडिय़ा गोंगपा की टिकट पर मानपुर में मंत्री मीना सिंह के खिलाफ चुनाव मैदान में हैं। शहडोल जिले की तीन सीटों पर कुल 27 (जयसिंहनगर 11, जैतुपर 11, ब्यौहारी 5) प्रत्याशी हैं। इसी तरह से अनूपपुर जिले की 3 सीटों पर कुल 31 (अनूपपुर 5, कोतमा 15, पुष्पराजगढ़ 11) प्रत्याशी हैं। जबकि उमरिया जिले की 2 सीटों पर कुल 19 (बांधवगढ़ 9,मानपुर 10) प्रत्याशी हैं। 

Tags:    

Similar News