हरियाणा विधानसभा चुनाव रिजल्ट: इन पांच नामों पर रहेंगी सबकी निगाहें, इनमें दो पूर्व सीएम और एक देश की सबसे अमीर महिला भी शामिल

  • हरियाणा विधानसभा की मतगणना आज
  • चुनावी मैदान में उतरे कई बड़े चेहरे
  • पूर्व सीएम और डिप्टी सीएम भी शामिल

Bhaskar Hindi
Update: 2024-10-07 20:24 GMT

डिजिटल डेस्क, चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा चुनाव के नतीजे आने में अब कुछ ही घंटों का समय बचा है। जिसके बाद पता चल जाएगा कि क्या बीजेपी जीत की हैट्रिक लगा पाएगी या फिर 10 साल बाद कांग्रेस की सत्ता में वापसी होगी। वैसे तो राज्य में 7 प्रमुख पार्टियां चुनाव लड़ रही हैं। पर मुख्य मुकाबला बीजेपी और कांग्रेस के बीच ही है।

दोनों पार्टियां 89-89 सीटों पर चुनाव लड़ी थीं। एक-एक सीट दोनों अपने सहयोगी दलों को दी। बीजेपी ने गोपाल कांडा की हरियाणा लोकहित पार्टी जबकि कांग्रेस ने माकपा के साथ गठबंधन कर चुनाव लड़ा। इनके अलावा आम आदमी पार्टी अकेले ही चुनाव में उतरी। वहीं जेजेजी(जननायक जनता पार्टी) और एएसपी (आजाद समाज पार्टी) का गठबंधन है। इसी तरह इंडियन नेशनल लोक दल (आईएनएलडी) मायावती की बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के साथ गठबंधन कर चुनावी मैदान में उतरी है।

राज्य की 90 सीटों पर 5 अक्टूबर को चुनाव हुआ था, जिसमें कुल 1031 उम्मीदवार चुनावी मैदान में थे। इनमें से 930 पुरुष जबकि 101 महिलाएं थीं। चुनाव आयोग की तरफ से जारी आंकड़ों के मुताबिक करीब 67 फीसदी मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया।

इन 5 बड़े चेहरों पर रहेगी नजर

विनेश फोगाट (जुलाना)

इस सूची में पहला नाम पेरिस ओलंपिक 2024 में मेडल जीतने से चूकने वाली रेसलर विनेश फोगाट का है। फोगाट को कांग्रेस ने जुलाना विधानसभा सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है। विनेश के खिलाफ बीजेपी ने इस सीट से पायलट रह चुके योगेश बैरागी को उम्मीदवार बनाया है। जुलाना सीट पर 70 फीसदी से ज्यादा जाट समाज के लोग हैं।

भूपेंद्र सिंह हुड्डा (गढ़ी सांपला)

राज्य की गढ़ी सांपला सीट से राज्य के दो बार सीएम रह चुके वरिष्ठ कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हु्डा चुनाव लड़ रहे हैं। इस सीट पर उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। यदि कांग्रेस को चुनाव में पूर्ण बहुमत मिलता है तो हुड्डा सीएम बनने की रेस में सबसे आगे हैं। इस सीट पर जाट समुदाय अच्छी खासी संख्या में है और हुड्डा इसी समुदाय से आते हैं।

नायब सिंह सैनी (लाडवा)

मनोहर लाल खट्टर के बाद राज्य की कमान संभालने वाले नायब सिंह सैनी को उनके इलाके करनाल की जगह कुरूक्षेत्र की लाडवा सीट से बीजेपी ने उतारा है। उनके सामने चुनाव में कांग्रेस के मेवा सिंह हैं। पिछली बार लाडवा सीट से मेवा सिंह जीते थे। इस सीट पर बड़ी संख्या में ओबीसी वोटर्स हैं, जिसका फायदा इसी समुदाय से आने वाले नायब सैनी को मिल सकता है।

सावित्री जिंदल (हिसार)

रिजल्ट के समय सबकी नजर हिसार सीट पर भी रहेगी। यहां से देश की सबसे अमीर महिला सावित्री जिंदल निर्दलीय चुनाव लड़ रही हैं। वो हरियाणा के कुरुक्षेत्र से बीजेपी सांसद नवीन जिंदल की मां हैं। वह इससे पहले हरियाणा में मंत्री भी रह चुकी है। 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले सावित्री कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हो गई थीं। सावित्री जिंदल ने BJP से टिकट मांगा था लेकिन पार्टी ने उनकी जगह अपने पुराने नेता और RSS से जुड़े डॉ. कमल गुप्ता को यहां से उम्मीदवार बनाया।

दुष्यंत चौटाला (उचाना)

जेजेपी (जननायक जनता दल) नेता और राज्य के पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला उचाना सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। पिछले पांच साल तक वह बीजेपी के साथ सरकार में थे। लोकसभा चुनाव 2024 में बीजेपी के साथ सीट शेयरिंग पर सहमति न बनने के कारण उनका गठबंधन टूट गया था। 2019 के विधानसभा चुनाव में दुष्यंत उचाना सीट ही से चुनाव जीते थे।

Tags:    

Similar News