हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024: कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया! राहुल गांधी से मुलाकात के बाद चर्चाएं तेज

  • हरियाणा में 5 अक्टूबर को होने है विधानसभा चुनाव
  • विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया के चुनाव लड़ने की अटकलें
  • राहुल गांधी से मुलाकात के बाद कयासबाजी तेज

Bhaskar Hindi
Update: 2024-09-04 08:54 GMT

डिजिटल डेस्क, चंडीगढ़। हरियाणा में विधानसभा चुनाव 5 अक्टूबर को होने है। इसके बाद से सभी राजनीतिक दल जोरों-शोरों के साथ तैयारियों में जुट गए हैं। इस बीच पहलवान विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया ने बुधवार को कांग्रेस हाईकामन के साथ मीटिंग की। इस दौरान उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ भी मुलाकात की। दोनों रेलसर की यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है, जब हरियाणा में कई राजनीतिक दल अपने-अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर रहे हैं। जिसके बाद सूबे की राजनीति में दोनों रेसलर के कांग्रेस के टिकट से चुनावी मैदान में उतरने की चर्चांए तेज हो गई है।

हालांकि, यह पहली बार नहीं जब विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया की कांग्रेस से मुलाकात हुई है। इससे पहले भी दोनों रेसलर की कांग्रेस से नजदीकियों को बढ़ते देख गया है। जिससे माना जा रहा है कि वे जल्द ही कांग्रेस का दामन थाम सकते हैं।

भाजपा से पहलवानों की तकरार

साल 2023 में कुश्ती महासंघ (WFI) के तत्कालीन अध्यक्ष और भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ भारतीय पहलवानों ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। इतना ही नहीं बल्कि, विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया समेत कई पहलवानों ने सड़क पर धरना भी दिया था। पहलवानों ने बृजभूषण शरण सिंह को कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष पद के इस्तीफे की मांग की थी। न्याय की मांग कर रहे पहलवानों का यह आंदोलन कई दिनों तक चला था। बृजभूषण पर उचित कार्रवाई ना होने के बाद से ही पहलवानों के मन में भाजपा को लेकर आक्रोश देखा गया था।

रोड शो में शामिल हुए दीपेंद्र सिंह हुड्डा

पेरिस ओलिंपिक में गोल्ड और उसके बाद सिल्वर मेडल मिलने की उम्मीद टूटने से निराश विनेश फोगाट भारत लौटी थी। इसके बाद एयरपोर्ट पर हरियाणा के कांग्रेस नेता दीपेंद्र सिंह हुड्डा विनेश फोगाट को लेने पहुंचे थे। विनेश के साथ उनके गांव तक दीपेंद्र ने रोड शो किया था। इस दौरान दिल्ली एयरपोर्ट से बलाली तक विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया के साथ दीपेंद्र सिंह और कई कांग्रेस नेता शामिल हुए थे।

राहुल गांधी के साथ हुई मुलाकात

हाल ही में विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया की लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी से मुलाकात हुई थी। इस मुलाकात के बाद से ही फोगाट और पुनिया के कांग्रेस ज्वाइन करने की खबरें सामने आ रही है। इस बीच कांग्रेस के उम्मीदवारों की सूची भी जल्द जारी होने वाली है। ऐसे में विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया को टिकट मिलने की उम्मीद भी बढ़ गई है। माना जा रहा है कि कांग्रेस उम्मीदवारों की सूची में दोनों रेसलर के नाम जारी कर सकती है।

Tags:    

Similar News