बांग्लादेश संकट: पड़ोसी मुल्क में अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचार पर बोले पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री, 'ऐसी स्थिति भारत में बनी तो यहां के हिंदू कहां जाएंगे'

  • बांग्लादेश के मौजूदा हालातों पर बोले पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री
  • बांग्लादेशी हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार पर दिया बड़ा बयान
  • भारत सरकार से की प्रताड़ित हो रहे हिंदुओं के लिए दरवाजे खोलने की अपील

Bhaskar Hindi
Update: 2024-08-09 18:07 GMT

डिजिटल डेस्क, भोपाल। भारत के पड़ोसी मुल्क बांग्लादेश में हालात दिन ब दिन खराब होते जा रहे हैं। वहां के अल्पसंख्यक खासतौर पर हिंदुओं को प्रताड़ित करने की खबरें रोज आ रही हैं। इस बीच मध्यप्रदेश के छतरपुर स्थित बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि बांग्लादेश जैसी स्थिति यदि भारत में बन जाए तो फिर यहां के हिंदू कहां जाएंगे। इसलिए हमारे द्वारा बार-बार हिंदू राष्ट्र की मांग की जाती है।

न्यूजीलैंड में कथा करके लौटे पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा, ​​​​​​'​बांग्लादेश से जो खबरें आ रही है कि हिंदुओं के मंदिरों में आक्रमण हो रहे हैं। आग लगाई जा रही है। हमारा मन बहुत दुखी है। भारत सरकार ने कदम उठाया। बहुत संख्या में हिंदू भारत आना शुरू हो गए हैं। इसके लिए धन्यवाद। लेकिन, हमारी प्रार्थना है भारत सरकार से, कि जितने भी हिंदू बांग्लादेश में फंसे हैं। जो भी आना चाहे। उन्हें शरण भी दी जाएं। हमारी ये अपील है कि उन्हें विशेष अधिकार भी दिया जाएं।'

उन्होंने आगे कहा, 'सवाल ये उठता है कि बांग्लादेश के हिंदू तो भारत में आकर शरण ले लेंगे। लेकिन कल यही मुद्दा, यही स्थिति परिस्थिति भारत में उठेगी तो भारत का हिंदू कहां जाएगा। हिंद महासागर या अटलांटिका? या फिर हिमालय जाएगा। लोग हमसे कहते हैं कि आप हिंदू मुसलमान करते हो। सच यह है कि हम हिंदू मुसलमान नहीं करते हैं। हमने भारत के हिंदुओं को जगाने की कोशिश की तो आपने हमारा विरोध किया। हम किसी भी मजहब के खिलाफ नहीं, भारत में सबको रहने का अधिकार है। संविधान में सबको अधिकार है, भारत में होना भी चाहिए।

कथावाचक ने कहा, 'हिंदुओं से ही सवाल है कि अगर यह स्थिति भारत में निर्मित हुई तो आप कहां जाएंगे? इसलिए हम कहते हैं हिंदू राष्ट्र चाहिए। सबको अधिकार चाहिए। कम से कम एक देश होगा हिंदुओं के लिए हो। जो बांग्लादेश का हाल है, वो भारत में न हो, इसलिए जागो हिंदू जागो, भागो मत।'

भारत सरकार से की ये अपील

इससे पहले बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर ने न्यूजीलैंड से वीडियो जारी कहा था, 'बांग्लादेश में हिंदू भाई-बहन परेशान हैं। मंदिरों में तोड़फोड़ हो रही है, बहुत उपद्रव मचा है। भारत सरकार से प्रार्थना है कि विशाल हृदय दिखाते हुए बहुत जल्दी बांग्लादेश में रहने वाले हिंदुओं के लिए विशेष व्यवस्था के साथ द्वार खोल देने चाहिए। वे बेचारे कहां जाएंगे?'

Tags:    

Similar News