मौसम अलर्ट: देशभर में मानसून का कहर बरपना अब भी जारी, मध्य प्रदेश और बिहार समेत 22 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, मौसम विभाग ने दी जानकारी

  • मानसून थमने का नहीं ले रहा नाम
  • दिल्ली में उमस भरी गर्मी से लोग परेशान
  • 22 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी

Bhaskar Hindi
Update: 2024-09-09 10:44 GMT

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देशभर में झमाझम बारिश का सिलसिला अभी भी जारी है। जिसके चलते कई राज्यों में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है। इतना ही नहीं बारिश की वजह से कई लोगों की जानें भी जा रही हैं। साथ ही लोगों को घंटों ट्रैफिक में भी फंसे रहना पड़ रहा है। वहीं राजधानी दिल्ली में लोग उमस भरी गर्मी से परेशान हैं। इसके अलावा राजस्थान में मौसम विभाग ने बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। मध्य प्रदेश के कई जिलों में 8 इंच तक बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक पूरे उत्तर भारत में ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान जताया है।

गर्मी और उमस से परेशान दिल्लीवासी

सोमवार को दिल्ली के कई इलाकों में हल्की बारिश हुई जिस वजह से मौसम सुहाना रहा। लेकिन तापमान में बढ़ोतरी की वजह से दिल्लीवासियों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग की मानें तो अगले दो दिनों के बीच दिल्ली में हल्की बारिश से सुधार हो सकता है।

मध्य प्रदेश में बारिश का अलर्ट

मध्य प्रदेश में बारिश का स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक बार फिर एक्टिव हो गया है जिसका असर अगले चार दिनों तक रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक मानसून ट्रफ मध्य प्रदेश के दमोह जिले से गुजर रहा है। इसकी वजह से राज्य के अधिकतर हिस्सों में मानसून फिर से सक्रिय हो गया है और 25 से ज्यादा जिलों में तेज बारिश की संभावना है।

राजस्थान में आज बारिश का येलो अलर्ट

राजस्थान में भारी बारिश का दौर जारी है। बारिश के चलते कई जगह बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। पिछले 24 घंटे में अजमेर सहित कई जिलों में भारी बारिश की वजह से जलभराव जैसे हालात देखने को मिल रहें। ऐसे हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने जिले के सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित की है। आने वाले दिनों में मौसम विभाग ने और अधिक बारिश की संभावना जताई है।

बिहार में भी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग की मानें तो बिहार में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। पटना और राज्य के 21 जिलों में बारिश और आकाशीय बिजली का कहर जारी किया है और इस वजह से 3 लोगों की जानें भी चली गई हैं। मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों तक बिहार में झमाझम बारिश होने और लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना जताई है।

22 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने 10 सितंबर को 22 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। जिसमें तेलंगाना, कर्नाटक, केरल, आंध्र प्रदेश, झारखंड, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, असम, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान, गोवा और उत्तराखंड शामिल हैं। 

Tags:    

Similar News