हाथरस दर्दनाक सड़क हादसा: मैक्स लोडर और रोडवेज बस के जोरदार टक्कर, 12 लोगों की मौत, बढ़ सकता है मृतकों का आंकड़ा, पीएम मोदी और राष्ट्रपति मुर्मू ने जताया दुख

  • यूपी के हाथरस में बड़ा सड़क हादसा
  • बस और मैक्स लोडर के बीच हुई भीषण भिड़ंत
  • 12 लोगों की मौत, 4 गंभीर रूप से घायल

Bhaskar Hindi
Update: 2024-09-06 15:36 GMT

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तरप्रदेश के हाथरस में शुक्रवार को बड़ा सड़क हादसा हुआ है, जहां शाम के समय एक मैक्स लोडर और रोडवेज बस के बीच जोरदार टक्कर हुई। इस दुर्घटना में 12 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, कई गंभीर रूप से घायल हो गए हैं जिन्हें इलाज के लिए हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। हाथरस डीएम आशीष कुमार ने कहा, "ओवरटेक के कारण ये घटना घटी। अभी तक 12 लोगों की मौत हुई है इसमें 16 लोग घायल हुए है।"

तेरहवीं में शामिल होकर लौट रहे थे

जानकारी के मुताबिक मैक्स में सवार करीब 30 लोग मुकंद खेड़ा में तेहरवीं भोज खाकर खंदौली गांव सेवला वापस लौट रहे थे। तभी आगर-अलीगढ़ बाईपास पर मीतई गांव के पास उनका एक्सीडेंट हो गया। मरने वालों में महिलाओं और बुजुर्गों के साथ बच्चे भी शामिल हैं। मृतकों का रो-रोकर बुरा हाल है।

हादसे के बारे में जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक ने निपुण अग्रवाल ने कहा कि मैक्स में सवार सभी लोग सासनी से अपने गांव खदौली लौट रहे थे। ड्राइवर फरार है जिसकी तलाश की जा रही है। वहीं हादसे में घायल हुए चार लोगों की हालत गंभीर है, उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।

गंभीर रुप से घायल अलीगढ़ रेफर

मिली जानकारी के मुताबिक हादसे में घायल हुए लोगों को इलाज के लिए अलग-अलग अस्पतालों में एडमिट कराया गया है। इनमें से चार की हालत गंभीर होने पर उन्हें अलीगढ़ रेफर किया गया है। वहीं इस घटना पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने दुख व्यक्त किया है और घायलों के बेहतर इलाज के लिए निर्देश दिए हैं।

हादसे पर पीएम नरेंद्र मोदी ने भी दुख व्यक्त किया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, 'उत्तर प्रदेश के हाथरस में हुई सड़क दुर्घटना अत्यंत पीड़ादायक है। इसमें जिन्होंने अपने परिजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। ईश्वर उन्हें इस कठिन समय में संबल प्रदान करे। इसके साथ ही मैं हादसे में घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार की निगरानी में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की हरसंभव मदद में जुटा है।' इसके साथ ही दुर्घटना में अपनी जान गंवाने वाले मृतकों के परिजनों को 2 लाख और घायलों का 50 हजार देने का ऐलान किया।

वहीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी हादस को लेकर ट्वीट किया। जिसमें उन्होंने कहा, "उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में हुई सड़क दुर्घटना में कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। अपने स्वजनों को खोने वाले शोक संतप्त परिवारों के प्रति मैं गहन संवेदना व्यक्त करती हूं तथा घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।"

 

Tags:    

Similar News