दुल्हन करती रही इंतजार, बारात लेकर नहीं पहुंचा दहेजलोभी दूल्हा

दुल्हन करती रही इंतजार, बारात लेकर नहीं पहुंचा दहेजलोभी दूल्हा

Bhaskar Hindi
Update: 2017-12-12 06:28 GMT
दुल्हन करती रही इंतजार, बारात लेकर नहीं पहुंचा दहेजलोभी दूल्हा

डिजिटल डेस्क, नागपुर। दुल्हन बनकर इंतजार करती रही युवती के सारे सपने उस समय चूर-चूर हो गए जब उसका होने वाला  दूल्हा दहेज न मिलने से विवाह मंडप पर ही नहीं पहुंचा।   हुड़केश्वर क्षेत्र में वधू और उसके परिजन, रिश्तेदार बारात आने का इंतजार करते रहे, लेकिन दिल्ली का दूल्हा बारात लेकर ही नहीं आया। काफी इंतजार के बाद भी जब  आरोपी दूल्हा रोहित अनिल खंडागले बारात लेकर नहीं आया तब मामला थाने पहुंच गया। वधू पक्ष ने आरोपी दूल्हा रोहित खंडागले, उसके पिता अनिल खंडागले, रेखा खंडागले और आशा कदम के खिलाफ मामला दर्ज कराया। पुलिस ने इन सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 420, 406, 34 के तहत मामला दर्ज किया है। 

दहेज की मांग पूरी नहीं कर सके: वर पक्ष पर आरोप है कि शादी के खर्च के लिए रुपए की मांग की गई, जब रुपए नहीं दिए गए तब उन्होंने बारात ही नहीं लाया। पुलिस सूत्रों के अनुसार मानेवाड़ा क्षेत्र के एक परिवार की बेटी की शादी दिल्ली निवासी रोहित खंडागले से तय की थी। 10 दिसंबर को पिपला फाटा में मीरा लॉन में दुल्हन बनी युवती अपने भावी पति आैर बारात का इंतजार करती रही, लेकिन ससुराल के लोग बारात लेकर ही नहीं आए। युवती के परिजनों ने आरोपी रोहित खंडागले आैर उसके परिजनों के खिलाफ हुड़केश्वर थाने में शिकायत दर्ज कराई। हुड़केश्वर थाने में युवती के परिजनों ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह अपनी बेटी की शादी के लिए करीब 6 लाख रुपए खर्च कर चुके थे। रोहित खंडागले दिल्ली में डाक विभाग में नौकरी करता है। उसकी युवती के परिजनों ने 3 सितंबर 2017 से 18 नवंबर 2017 के दरम्यान शादी का रिश्ता तय किया था। 10 दिसंबर को शादी तय हुई थी। इस दिन रोहित को बारात लेकर आनी थी, लेकिन कोई नहीं आया। जिसके बाद खंडागले परिवार के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया। हुड़केश्वर के थानेदार एस. के. झावरे ने बताया कि अभी तक इस प्रकरण में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इस मामले में जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। हुड़केश्वर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
 

Similar News