आदित्य ने कहा - भाजपा दंगे कराने वाली पार्टी, कश्मीरी पंडितों की हत्या पर साध जाते हैं चुप्पी

हिंदुत्व के नाम पर घातक राजनीति आदित्य ने कहा - भाजपा दंगे कराने वाली पार्टी, कश्मीरी पंडितों की हत्या पर साध जाते हैं चुप्पी

Bhaskar Hindi
Update: 2023-04-13 15:42 GMT
आदित्य ने कहा - भाजपा दंगे कराने वाली पार्टी, कश्मीरी पंडितों की हत्या पर साध जाते हैं चुप्पी

डिजिटल डेस्क, मुंबई. शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) विधायक आदित्य ठाकरे ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर गंभीर आरोप लगाया है। आदित्य ने गुरुवार को मुंबई में एक निजी चैनल के कार्यक्रम में भाजपा पर राज्य में दंगे कराने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जिस-जिस राज्य में भाजपा की सरकार है, वहां दंगे भड़काए जा रहे हैं। हिंदुत्व के नाम पर देश में जो राजनीति चल रही है, वह घातक है। 

आदित्य ने कहा कि जब से शिंदे-फडणवीस सरकार बनी है, तभी से राज्य की कानून- व्यवस्था चरमरा गई है। हिंदुत्व के नाम पर लोगों को भड़काया जा रहा है। आदित्य ने  तंज भरे अंदाज में कहा कि भाजपा खुद को दुनिया की सबसे बड़ी हिंदुत्ववादी पार्टी समझती है। लेकिन, जम्मू एवम् कश्मीर में कश्मीरी पंडितों की हत्या पर कुछ नहीं बोलती। घाटी में अभी भी कश्मीरी पंडित सरेआम मौत के घाट उतारे जा रहे हैं। 

कोर्ट के आदेश पर मंदिर निर्माण

आदित्य ने कहा कि भाजपा राम मंदिर का ढिंढोरा ऐसे पीट रही है जैसे मंदिर निर्माण वह ही करा रही है। राम मंदिर का निर्माण सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद हो रहा है। भाजपा के नेता अब यह भी सवाल उठाते हैं कि बाबरी ढांचे को ढहाए जाने के वक्त शिवसैनिक मौके पर मौजूद नहीं थे। 

ठाकरे को हिंदुत्व पर बोलने का हक नहीं 

भाजपा विधायक नीतेश राणे ने कहा कि आदित्य ठाकरे को हिंदुत्व के बारे में बोलने का हक नहीं है। उन्हें इसके लिए महाविकास आघाडी में शामिल दलों से से इजाजत लेनी चाहिए। राणे ने कहा कि जिन्होंने सत्ता के लिए बालासाहेब ठाकरे के हिंदुत्व को छोड़ दिया, उन्हें हिंदुत्व के बारे में नहीं बोलना चाहिए।

Tags:    

Similar News