सवाल पर जवाब: बावनकुले ने कहा- महायुति में सीएम पद की जल्दी नहीं, तीनों प्रमुख नेता लेंगे निर्णय

  • गडकरी से विधानसभा चुनाव प्रचार करने का निवेदन
  • भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा
  • महायुति में सीएम पद की जल्दी नहीं

Bhaskar Hindi
Update: 2024-09-06 16:45 GMT

डिजिटल डेस्क, नागपुर। राज्य में विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर प्रश्न पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा है िक महायुति में सीएम पद की जल्द नहीं है। महायुति के तीनों प्रमुख नेता इस संबंध में निर्णय लेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि सीएम पद को लेकर महाविकास आघाडी में मतभेद खुलकर सामने आ रहे हैं। शुक्रवार को बावनकुले ने पत्रकारों से चर्चा की। उन्होंने कहा-महायुति एकत्रित रहकर चुनाव की तैयारी कर रही है। एकनाथ शिंदे महायुति के मुख्यमंत्री हैं। भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व व राज्य में महायुतिक के तीनों प्रमुख नेता एकत्र बैठकर मुख्यमंत्री पद के संबंध में निर्णय लेंगे। महायुति में न तो मुख्यमंत्री पद की जल्द है न ही मुख्यमंत्री पद के लिए कोई काम करता है। महाविकास आघाडी में मुख्यमंत्री पद के लिए कांग्रेस व शरद पवार को उद्धव ठाकरे मान्य नहीं है। उनका मतभेद खुलकर सामने आ रहा है। शिवसेना उबाठा के प्रवक्ता संजय राऊत प्रतिदिन झूठ बोल रहे हैं।

चुनाव की तैयारी

बावनकुले ने बताया कि विधानसभा चुनाव के लिए उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में 21 लोग अलग अलग समितियों में काम करेंगे। सभी नेता को अलग अलग जिम्मेदारी दी जाएगी। भूपेंद्र यादव व अश्विनी वैष्णव प्रदेश प्रभारी हैं। चुनाव कार्य में महायुति के तीनों प्रमुख दल का योगदान रहेगा। विधानसभा की सीट साझेदारी के लिए कोई अड़चन नहीं रहेगी।

गडकरी करेंगे प्रचार

बावनकुले ने कहा कि केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितीन गडकरी चुनाव प्रचार करेंगे। लोकसभा के लिए उन्होंने 15 दिन प्रचार किया। विधानसभा चुनाव के लिए 1 माह प्रचार करने का निवेदन किया जाएगा। गडकरी देश के बड़े नेता हैं। वे पहले से ही जवाबदारी से काम करते रहे हैं। भाजपा की प्रदेश कोर कमेटी व पार्लियामेंट्री बोर्ड के सदस्य है। महाराष्ट्र से उनका प्रेम है। गडकरी का मार्गदर्शन महायुति को मिलता रहा है।

फडणवीस को कर रहे टारगेट

बावनकुले ने यह भी कहा कि देवेंद्र फडणवीस को राजनीतिक तौर से अधिक टारगेट किया जा रहा है। एकनाथ से बैर नहीं, फडणवीस तेरी खैर नहीं। सुप्रिया सुले की पार्टी के प्रवक्ता के इस वक्तव्य से साफ है कि फडणवीस को ही टारगेट किया जा रहा है।

Tags:    

Similar News