महाराष्ट्र: 35 लाख किसानों को मिलेंगे 1 हजार 700 करोड़ रुपए

  • फसल बीमा कंपनियों ने 25 प्रतिशत अग्रिम राशि देने को दी मंजूरी
  • दीपावली से पहले किसानों को मिलेगी राहत

Bhaskar Hindi
Update: 2023-11-08 15:15 GMT

डिजिटल डेस्क, मुंबई। राज्य के 35 लाख 8 हजार 303 किसानों को फसल बीमा अग्रिम किश्त के रूप में 1 हजार 700 करोड़ 73 लाख रुपए वितरित किए जाएंगे। प्रदेश के कृषि मंत्री धनंजय मुंडे ने यह जानकारी दी। मंत्रालय में मुंडे ने बताया कि राज्य के 22 जिलों में बुधवार से फसल बीमा की अंतरिम राशि किसानों के बैंक खाते में वितरित करने की शुरुआत कर दी गई है। दीपावली से पूर्व अधिकांश किसानों के बैंक खाते में बीमा की अग्रिम राशि जमा करा दी जाएगी। मुंडे ने बताया कि सरकार ने बीते खरीफ सीजन से किसानों के लिए एक रुपए में फसल बीमा योजना को लागू किया है। इसके अनुसार अंतरिम नुकसान भरपाई के रूप में फसल बीमा कंपनियों ने 25 प्रतिशत राशि देने का आदेश पारित किया है। बीमा कंपनियों ने विभिन्न जिला प्रशासन को यह आदेश दिया है। इससे बीमा कंपनियों की ओर से अग्रिम राशि के रूप में 25 प्रतिशत राशि दी जा रही है। जबकि फसलों के नुकसान की अंतिम रिपोर्ट आने के बाद बची हुई 75 प्रतिशत राशि किसानों के बैंक खाते में जमा कर दी जाएगी।


Tags:    

Similar News