पेट्रोल डालकर युवक ने महिला को आग लगाई, खुद भी लपटों में घिरकर झुलसा

रांझी स्थित मस्ताना चौक में दिन-दहाड़े वारदात से सनसनी, दोनों अस्पताल में भर्ती

Bhaskar Hindi
Update: 2024-07-30 17:38 GMT


डिजिटल डेस्क जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र स्थित मस्ताना चौक के पास मंगलवार दोपहर सवा 12 बजे के करीब फूल-माला की दुकान लगाने वाली तीन बच्चों की माँ पर ऑटो चलाने वाले एक युवक ने पेट्रोल फेंककर आग लगा दी। आग लगने से महिला का चेहरा व शरीर का करीब 40 प्रतिशत हिस्सा झुलस गया। वहीं पेट्रोल डालने के दौरान आरोपी खुद भी आग की लपटों में घिर गया। वह भी करीब 25 प्रतिशत झुलस गया। दिन-दहाड़े हुई घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जाँच में ये बात सामने आई है कि आरोपी ने महिला से शादी का प्रस्ताव रखा था लेकिन महिला ने इनकार कर दिया था। इस बात से खपा होकर उसने वारदात का अंजाम दिया।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार रांझी क्षेत्र में रहने वाली 42 वर्षीय महिला की शादी करीब 15 साल पहले घमापुर में हुई थी। उसके 3 बच्चे हैं और वह 4 साल से पति से अलग अपने माता-पिता के पास रहकर मस्ताना चौक में फूल-माला की दुकान लगाती है। करीब 4 साल पहले उसकी जान-पहचान आॅटो चलाने वाले नरेंद्र पंजाबी उर्फ काकू से हुई थी। आरोपी अक्सर महिला की दुकान पर आता-जाता था। वह महिला पर लगातार शादी करने का दबाव बना रहा था लेकिन महिला ने यह कहकर इनकार कर दिया था कि वह परिवार वाली है, उसके तीन बच्चे हैं, इसलिए अब वह उससे शादी नहीं कर सकती। मंगलवार की दोपहर भी आरोपी महिला की दुकान पर पहुँचा और उसने शादी करने के लिए कहा, जिस पर महिला ने नाराजगी जाहिर करते हुए फिर से इनकार कर दिया। इसके बाद आरोपी ने बोतल में रखा पेट्रोल महिला पर छिड़का और आग लगा दी और पेट्रोल फेंकने के दौरान वह भी आग की चपेट में आकर झुलस गया। अचानक हुए घटनाक्रम से क्षेत्र में भगदड़ मच गई। इस बीच आसपास मौजूद कुछ लोगों ने दौड़कर आग बुझाई और दोनों को इलाज के लिए रांझी अस्पताल पहुँचाया। जहाँ से आरोपी को मेडिकल रेफर किया गया। वहीं महिला को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दो पन्नियों में भरा था पेट्रोल

पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान घटना पास ही मौजूद रही एक महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपी दो पन्नी हाथ में लेकर आया था, दोनों में पेट्रोल भरा हुआ था। आरोपी ने पहले एक पन्नी महिला के चेहरे पर फेंकी, उसके बाद दूसरी पन्नी फेंकी तो महिला ने हाथ से रोकने का प्रयास किया, जिससे पन्नी फट गई और उसका पेट्रोल आरोपी पर भी पड़ गया। इसके बाद जैसे ही उसने महिला को जिंदा जलाने का प्रयास किया तो वह भी आग की चपेट में आ गया।

हत्या के प्रयास का मामला दर्ज

सीएसपी विवेक गौतम ने बताया कि मस्ताना चौक के पास फूल-माला की दुकान लगाने वाली महिला पर पेट्रोल फेंककर आग लगाने की घटना में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पैसों की माँग कर करता था परेशान

रांझी पुलिस का कहना है कि परिजनों से की गई पूछताछ में इस बात का पता चला है कि आरोपी द्वारा महिला को अक्सर पैसों की माँग कर परेशान किया जाता था। वह महिला से शादी करने के लिए भी कहता था लेकिन महिला द्वारा शादी से इनकार किया गया था। परिजनों का यह भी आरोप है कि इसकी शिकायत पूर्व में थाने में भी की गई थी, लेकिन पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। पी-2

Tags:    

Similar News