जबलपुर: एप में खामी से शिक्षक परेशान, कॉलेज पहुँचने के बाद भी हो रहे गैर हाजिर

  • ऑनलाइन अटेंडेंस की व्यवस्था में कई गड़बड़ियाँ
  • हर दिन कॉलेज समय से पहुँच रहे हैं लेकिन एप में उन्हें गैर हाजिर दिखाया जा रहा है।
  • शिक्षक ऑनलाइन हाजिरी नहीं दर्ज कर पाते हैं उन्हें मैन्युअली अपनी हाजिरी लगानी होती है।

Bhaskar Hindi
Update: 2024-07-23 13:45 GMT

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। शिक्षकों और कर्मचारियों की अटेंडेंस लगाने के लिए सरकारी कॉलेजों में सार्थक एप की शुरुआत 1 जुलाई से की गई है। इस एप में लेकिन कई खामियाँ हैं जिससे शिक्षक परेशान हैं। वे हर दिन कॉलेज समय से पहुँच रहे हैं लेकिन एप में उन्हें गैर हाजिर दिखाया जा रहा है।

इस मामले में शिक्षकों ने विभागीय स्तर पर लगातार शिकायत भी की है लेकिन अफसर ट्रायल पीरियड बताकर सुधार का दावा कर रहे हैं। काॅलेजों के शिक्षकों और कर्मचारियों सभी को एप के माध्यम से ऑनलाइन मोबाइल से हाजिरी लगानी है।

इसके लिए काॅलेज पहुँचकर उन्हें सेल्फी लेनी होती है और उसे एप से अपलोड करना होता है। आते और जाते वक्त यह प्रक्रिया होती है। शिक्षक और कर्मी की लोकेशन और आने-जाने का समय दर्ज होता है।

कई बार शिक्षक यह प्रक्रिया करते हैं लेकिन सर्वर धीमा होने या तकनीकी खराबी की वजह से यूजर आईडी इनवैलिड बता देता है। कई जगह नेटवर्क की समस्या होती है। ऐसी खामियों की वजह से काॅलेज में मौजूद होने के बावजूद शिक्षक ऑनलाइन हाजिरी नहीं दर्ज कर पाते हैं उन्हें मैन्युअली अपनी हाजिरी लगानी होती है।

विभाग का दावा है कि संभागीय स्तर पर सभी शिक्षकों और कर्मचारियों का डेटा ऑनबोर्ड हो चुका है इसमें अधिकांश तो हर दिन हाजिरी लगा रहे हैं लेकिन कुछ में समस्या आ रही है जिसका निराकरण किया जा रहा है।

Tags:    

Similar News