जबलपुर: सावन की जोरदार एंट्री, 22 घंटे में हो गई 6 इंच बारिश

  • 18 इंच के करीब पहुँचा वर्षा का आँकड़ा
  • छग के ऊपर बना है कम दबाव का क्षेत्र, अब अगले 24 घंटे भी मेहरबान रहेंगे बादल
  • एक ही दिन में बारिश का आँकड़ा औसत के करीब या पिछले साल के नजदीक पहुँचने लगा है।

Bhaskar Hindi
Update: 2024-07-23 12:39 GMT

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। सावन का स्वागत बारिश की बूँदों के साथ हुआ। अब तक शहर जिस तरह की बरसात का बेसब्री से इंतजार कर रहा था बिल्कुल वैसी ही बारिश सावन के पहले ही दिन सोमवार को हुई।

रविवार और सोमवार की दरमियानी रात से सुबह, दोपहर और फिर देर रात तक 22 घंटे के अंदर 154 एमएम यानी 6 इंच पानी गिरा। गरज और चमक के साथ रात में बादल बरसे तो सुबह के वक्त हल्की रिमझिम बारिश हुई। शहर में इस मानसून सीजन में अब तक लगभग 18 इंच के करीब बरसात दर्ज हो चुकी है।

एक ही दिन में बारिश का आँकड़ा औसत के करीब या पिछले साल के नजदीक पहुँचने लगा है। मौसम वैज्ञानिक देवेन्द्र तिवारी के अनुसार छग के ऊपर एक दबाव का क्षेत्र बना हुआ है जो जबलपुर सहित आसपास के एरिया में बारिश करा रहा है। अगले 24 घंटे तक इसके प्रभावी रहने की संभावना है।

तापमान थोड़ा सा नीचे

बीते दिन के मुकाबले बारिश के चलते दिन का तापमान थोड़ा नीचे आया है और उमस कम हुई। सोमवार को अधिकतम तापमान 32.1 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री कम रहा। शहर के आसपास अभी उत्तर पश्चिमी हवाएँ सक्रिय हैं। अगले 24 घंटे में संभाग के अनेक जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है।

Tags:    

Similar News