जबलपुर: पीएमश्री एक्सीलेंस काॅलेज में अब आर्ट काॅमर्स के साथ साइंस की भी होगी पढ़ाई

  • इसी सत्र से नया संकाय किया प्रारंभ, 200 सीटें अतिरिक्त बढ़ीं, आठ करोड़ रुपए का अतिरिक्त अनुदान
  • साइंस की पढ़ाई कॉलेज में इसी सत्र से शुरू हो जाएगी।
  • पीएमश्री में शामिल होने के बाद संस्थान में सभी विषयों की पढ़ाई की सुविधा मिलेगी

Bhaskar Hindi
Update: 2024-05-11 09:16 GMT

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। जिले के एकमात्र पीएमश्री एक्सीलेंस शासकीय महाकौशल काॅलेज में आर्ट, काॅमर्स के साथ ही अब साइंस विषय की भी पढ़ाई कराई जाएगी। सत्र 2024-25 में प्रवेश के साथ ही साइंस में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ की जा रही है।

इस संकाय को प्रारंभ करने के लिए शासन से मंजूरी मिल चुकी है। काॅलेज में 200 अतिरिक्त सीटें भी बढ़ जाएँगी। यह एकमात्र सरकारी काॅलेज है जहाँ पर तीनों संकायों के विद्यार्थी अध्ययन करेंगे।

पीएमश्री में शामिल होने के बाद संस्थान में सभी विषयों की पढ़ाई की सुविधा मिलेगी, जिसके लिए अतिरिक्त बजट भी मिला है। इसके तहत दो करोड़ से किताबें और कम्प्यूटर खरीदे जाएँगे।

इसके अलावा पुरुष व महिला छात्रावास के लिए तीन करोड़ 47 लाख रुपए की अतिरिक्त फंडिंग की गई है। इस तरह से कुल 8 करोड़ रुपए अलग-अलग क्षेत्रों में खर्च किए जाएँगे।

सुविधा उपलब्ध कराने योजना में शामिल

प्रदेश के चुनिंदा कॉलेजों में उच्च स्तरीय शिक्षण सुविधा उपलब्ध कराने की योजना में शामिल किए गए महाकौशल कॉलेज में अब कला व वाणिज्य के अलावा अन्य संकायों के छात्रों को पढ़ाई का मौका मिल सकेगा।

जबलपुर के साथ ही संभाग के सभी सातों कॉलेजों के लिए राशि जारी की गई है। आने वाले दिनों में इन कॉलेजों में शिक्षण सुविधाओं का विस्तार करने के बाद सभी स्ट्रीम की पढ़ाई कराई जाएगी।

शैक्षणिक सहित अन्य के लिए 57 पद

कॉलेज में 57 पद शैक्षणिक सहित अन्य के लिए स्वीकृत किए गए हैं, जिसमें 44 शैक्षणिक पद हैं। इसके अलावा अतिरिक्त स्टाफ भी सुनिश्चित किया गया है। प्रयोगशाला तकनीशियन 6, प्रयोगशाला परिचायक 6 और एक कम्प्यूटर ऑपरेटर के पद को हरी झण्डी दी गई है। जानकारों का कहना है कि इन पदों को आउटसोर्स के जरिए भरा जाएगा।

साइंस के ये विषय शुरू

जूलाॅजी, केमिस्ट्री, फिजिक्स मैथेमैटिक्स, बाॅटनी, बायोटेक्नोलाॅजी और कम्प्यूटर साइंस विषय शामिल हैं। इसके अलावा फिलाॅसफी के अलावा मनोविज्ञान पाठ्यक्रम को भी प्रारंभ किया गया है। इसे कला संकाय से जोड़ा गया है। वहीं कम्प्यूटर साइंस को साइंस से जोड़ा गया है।

इसी सत्र से शुरुआत

साइंस की पढ़ाई कॉलेज में इसी सत्र से शुरू हो जाएगी। यह जिले का पहला ऐसा कॉलेज है जहाँ आर्ट, काॅमर्स और साइंस तीनों विषय पढ़ाए जाएँगे। शासन से इसके लिए राशि भी आवंटित हो गई है।

-प्रो. एसी तिवारी, प्राचार्य महाकौशल कॉलेज

Tags:    

Similar News