Jabalpur News: स्मार्ट सिटी का इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम कंट्रोल सेंटर बंद, कंपनी ने समेट लिया काम-काज

  • एक सप्ताह से भगवान भरोसे चल रहा ट्रैफिक, नहीं हो पा रहे चालान
  • स्मार्ट सिटी फंड की कमी होने के कारण नया ठेका नहीं कर पाई है।
  • स्मार्ट सिटी ने वर्ष 2019 में चंडालभाटा में 25 करोड़ की इंट्रीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर का निर्माण किया था।

Bhaskar Hindi
Update: 2024-10-05 10:12 GMT

Jabalpur News: शहर में यातायात के सुव्यवस्थित संचालन हेतु स्मार्ट सिटी द्वारा चंडालभाटा में तैयार किया गया। इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) का कंट्रोल सेंटर बंद हो गया है। आईटीएमएस का संचालन करने वाली कंपनी ने ठेका समाप्त होने पर अपना कामकाज समेट लिया है।

वहीं स्मार्ट सिटी फंड की कमी होने के कारण नया ठेका नहीं कर पाई है। स्थिति यह है कि एक सप्ताह से शहर की यातायात व्यवस्था भगवान भरोसे चल रही है। वाहनों के ऑनलाइन चालान भी नहीं हो पा रहे हैं।

स्मार्ट सिटी ने वर्ष 2019 में चंडालभाटा में 25 करोड़ की इंट्रीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर का निर्माण किया था। इसके भूतल पर नगर निगम के कचरा वाहनों की ऑनलाइन मॉनिटरिंग सहित अन्य काम होते हैं।

प्रथम मंजिल पर आईटीएमएस का कंट्रोल सेंटर संचालित किया जा रहा था। यहाँ पर 50 से अधिक कम्प्यूटर सिस्टम लगाए गए थे, जो शहर के 12 चौराहों और 9 प्रवेश द्वारों से जुड़े हुए थे। यहाँ 24 घंटे ट्रैफिक की मॉनिटरिंग की जाती थी। इसके साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के ऑनलाइन चालान भी बनाए जाते थे।

राज्य शासन से माँगी चालान की 75 प्रतिशत राशि

आईटीएमएस कंट्रोल सेंटर से होने वाले ऑनलाइन चालान की राशि शासन के गृह विभाग के खाते में जमा होती है। स्मार्ट सिटी ने आईटीएमएस कंट्रोल सेंटर के संचालन के लिए राज्य शासन से चालान के रूप में मिलने वाली राशि का 75 प्रतिशत माँगा, लेकिन अभी तक यह राशि नहीं मिल पाई है। इसके लिए लंबे समय से पत्राचार किया जा रहा है। वहीं दूसरी तरफ स्मार्ट सिटी के पास अब फंड भी नहीं बचा है। ऐसे में आईटीएमएस कंट्रोल सेंटर बंद हो गया है।

आईटीएमएस कंट्रोल सेंटर के संचालन के लिए राज्य शासन से राशि माँगी गई है। फंड की कमी के कारण नया ठेका नहीं हो पा रहा है। फंड मिलते ही पुन: आईटीएमएस कंट्रोल सेंटर शुरू कर दिया जाएगा।

- अनुराग सिंह, सीईओ, स्मार्ट सिटी

पाँच साल के लिए हुआ था ठेका

स्मार्ट सिटी ने जनवरी 2019 में आईटीएमएस के संचालन के लिए टेक्नोसिस सिक्योरिटी को पाँच साल के लिए ठेका दिया था। जिसका भुगतान स्मार्ट सिटी द्वारा किया जाता था। जनवरी 2024 में ठेके की अवधि समाप्त हो गई। इसके बाद भी स्मार्ट सिटी ने अपने संसाधनों से आईटीएमएस के संचालन का प्रयास किया। स्मार्ट सिटी को उम्मीद थी कि कहीं न कहीं से फंड की व्यवस्था हो जाएगी। फंड की कमी के कारण 28 सितंबर 2024 को आईटीएमएस कंट्रोल सेंटर का संचालन पूरी तरह से बंद हो गया।

Tags:    

Similar News