Jabalpur News: नगर निगम ने आवंटित किए 4939 मकान, उनसे ही नहीं वसूल रहे टैक्स

  • जीआईएस सर्वे में हुआ खुलासा राजस्व विभाग में मचा हड़कंप
  • जीआईएस सर्वे में यह तथ्य सामने आया है कि कई मकानों से टैक्स नहीं मिल रहा है।
  • नगर निगम ने पिछले चार साल में नगर निगम की सीमा के अंतर्गत 4939 मकान बनाए हैं।

Bhaskar Hindi
Update: 2024-10-11 11:51 GMT

Jabalpur News: नगर निगम ने पिछले चार साल में शहर के अलग-अलग हिस्सों में आवास योजना के अंतर्गत 4939 मकान निम्न आय वर्ग के लोगों को आवंटित किए हैं, लेकिन नगर निगम के अधिकारी उनसे टैक्स नहीं वसूल कर पा रहे। इसका खुलासा नगर निगम द्वारा कराए गए जीआईएस सर्वे में हुआ है। इससे नगर निगम के राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया है।

मप्र नगर निगम पालिका अधिनियम के अनुसार नगर निगम की सीमा के अंतर्गत आने वाले सभी मकानों से टैक्स लेना है। नगर निगम ने पिछले चार साल में नगर निगम की सीमा के अंतर्गत 4939 मकान बनाए हैं।

इसमें ब्रजमोहन नगर में 2615, महाराजपुर में 1008, गढ़ा पुरवा में 224, कटियाघाट में 144, गौरैयाघाट में 272, करियापाथर में 144, एमएलबी स्कूल के पास 84, चौधरी मोहल्ला में 14 और लेमा गार्डन में 434 मकान निर्माण कर निम्न आय वर्ग के लोगों को आवंटित किए हैं लेकिन इन मकानों से टैक्स नहीं वसूला जा रहा। जीएसआई सर्वे की रिपोर्ट में यह तथ्य सामने आया कि 4939 मकानों से टैक्स नहीं लिया जा रहा है।

जीआईएस सर्वे में यह तथ्य सामने आया है कि कई मकानों से टैक्स नहीं मिल रहा है। इसका भौतिक सत्यापन कराया जाएगा। जल्द ही टैक्स वसूलने की कार्रवाई की जाएगी।

पीएन सनखेरे, उपायुक्त राजस्व विभाग

किराए पर चल रहे कई मकान

नगर निगम द्वारा आवंटित कई मकान किराए पर चलाए जा रहे हैं। जानकारों का कहना है कि मकान लेने वाले ज्यादातर लोग पुरानी जगह पर ही रह रहे हैं। मकान को किराए पर चलाकर कमाई कर रहे हैं। नगर निगम ऐसे लोगों से भी टैक्स वसूल नहीं कर पा रहा है। वहीं दूसरी तरफ नगर निगम का राजस्व विभाग शहर में अभियान चलाकर किराएदारी दर्ज करा रहा है, लेकिन उसकी नजर नगर निगम द्वारा आवंटित मकानों पर नहीं पहुँच रही है।

Tags:    

Similar News