Jabalpur News: पहले खा रहे थे गड्ढों में हिचकोले, अब धूल फाँकने के लिए मजबूर हुए लोग

  • गड्ढे भरने के लिए पहले बारिश का बहाना, अब पानी का छिड़काव तक नहीं करा रहे
  • फ्लाईओवर के नीचे की पूरी सड़क गड्ढों में तब्दील हो गई है।
  • क्षेत्रीय नागरिक कई बार पीडब्ल्यूडी से शिकायत कर चुके हैं

Bhaskar Hindi
Update: 2024-10-02 11:16 GMT

Jabalpur News: दमोहनाका फ्लाईओवर एक्सटेंशन क्षेत्र में राहगीर पहले गड्ढों में हिचकोले खा रहे थे। बारिश थमते ही अब राहगीरों को धूल फाँकने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। यहाँ पर इतनी अधिक धूल उड़ रही है कि लोगों को मास्क लगाना पड़ रहा है। क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि पीडब्ल्यूडी के अधिकारी पहले यहाँ की सड़क के गड्ढे भरने के लिए बारिश का बहाना बना रहे थे।

अब पीडब्ल्यूडी के अधिकारी यहाँ पर धूल रोकने के लिए पानी का छिड़काव तक नहीं करा रहे हैं। इसका खामियाजा आम नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है। क्षेत्रीय नागरिकों ने बताया कि पिछले एक साल से दमोहनाका फ्लाईओवर एक्सटेंशन का काम चल रहा है।

फ्लाईओवर के नीचे की पूरी सड़क गड्ढों में तब्दील हो गई है। यहाँ की सड़क पर वाहन चलाना मुश्किल हो रहा है। नागरिकों का कहना है कि फ्लाईओवर निर्माण के दौरान नागरिकों के आवागमन के लिए व्यवस्था करना निर्माण कार्य करा रही नोडल एजेंसी पीडब्ल्यूडी है। क्षेत्रीय नागरिक कई बार पीडब्ल्यूडी से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन सड़क का सुधार नहीं कराया जा रहा है।

फ्लाईओवर के नीचे की सड़क का जल्द हो सुधार कार्य-

दमोहनाका फ्लाईओवर एक्सटेंशन के नीचे की सड़क का जल्द सुधार किए जाने की माँग को लेकर मंगलवार को ज्ञापन सौंपा गया। पीडब्ल्यूडी के कार्यपालन यंत्री शिवेन्द्र सिंह ने आश्वासन दिया कि जल्द ही सुधार कार्य किया जाएगा।

नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा और विजय नगर चल समारोह समिति के संयोजक जितिन राज ने बताया कि नवरात्रि पर्व शुरू होने वाला है। यहाँ की सड़क का जल्द सुधार कार्य किया जाना चाहिए। इस मौके पर शगुफ्ता उसमानी गुड्डू नवी, अयोध्या तिवारी, संतोष दुबे पंडा, अदिति अतुल बाजपेयी, वकील अंसारी, अख्तर अंसारी, हर्षित यादव, भानु यादव, सौरभ यादव आदि मौजूद थे।

बारिश थमते ही आई बड़ी मुसीबत

बारिश थमते ही यहाँ पर लोगों के सामने धूल की बड़ी समस्या आ गई है। वाहनों की आवाजाही के कारण यहाँ पर धूल उड़ रही है। इसके कारण लोगों को श्वास संबंधी समस्याएँ होने लगी हैं। आसपास रहने वाले लोग धूल से बचने के लिए मास्क लगा रहे हैं। क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि वायु प्रदूषण रोकने के लिए नगर िनगम की ओर से बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं, लेकिन यहाँ पर पानी का छिड़काव भी नहीं किया जा रहा है।

थोड़ी-थोड़ी देर में लग रहा जाम

चंडालभाटा की तरफ से आने वाले वाहन दमोहनाका से पहले मोड़ से निकलते हैं। यहाँ पर थोड़ी-थोड़ी देर में जाम लग रहा है। जाम को रोकने के लिए यहाँ पर ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी भी नहीं लगाई जाती है। यही स्थिति नगर निगम के जोन ऑफिस के सामने भी बनती है। यहाँ से निकलना किसी चुनौती से कम नहीं है।

दमोहनाका फ्लाईओवर एक्सटेंशन क्षेत्र में कई जगह से पाइपलाइन लीकेज है। लीकेज का सुधार कराने के बाद यहाँ पर डामर डाला जाएगा, ताकि लोगों को आवागमन में आसानी हो सके। धूल रोकने के लिए जल्द ही पानी का छिड़काव कराया जाएगा।

शिवेन्द्र सिंह, कार्यपालन यंत्री, पीडब्ल्यूडी

Tags:    

Similar News