Jabalpur News: अवैध तरीके से संजीवनी नगर-कछपुरा ब्रिज रोड पर लगा दिए लोहे के पाइप

  • चारपहिया वाहनों की आवाजाही बंद, शिकायत के बाद हरकत में आया निगम का अमला
  • क्षेत्रीय नागरिकों की शिकायत के बाद रात में मौके का निरीक्षण किया गया है।
  • सड़क पर लोहे के पाइप लगा दिए जाने से अब फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस भी नहीं आ पाएगी।

Bhaskar Hindi
Update: 2024-09-28 11:24 GMT

Jabalpur News: कछपुरा ब्रिज से संजीवनी नगर की ओर जाने वाली सड़क पर अवैध तरीके से लोहे के पाइप लगा दिए गए। इससे चारपहिया वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई है। शाम के समय जब लोग अपने चारपहिया वाहन लेकर ऑफिस से लौटे तो सड़क पर लोहे के पाइप लगे हुए पाए गए। इससे चालकों को लंबा घूमकर जाना पड़ा। इसके बाद हंगामा मच गया। नागरिकों की शिकायत के बाद नगर निगम का अमला भी हरकत में आ गया। देर रात निगम के अधिकारियों ने मौके पर निरीक्षण किया।

क्षेत्रीय नागरिकों ने बताया कि शुक्रवार दोपहर के समय कछपुरा ब्रिज से संजीवनी नगर की ओर जाने वाली सड़क पर चार-पाँच श्रमिक पाइप लगाने का काम कर रहे थे। श्रमिकों ने बताया कि नगर निगम सड़क पर लोहे के पाइप लगवा रहा है।

शाम को जब नगर निगम से शिकायत की गई तो पता चला कि नगर निगम ने सड़क पर लोहे के पाइप नहीं लगवाए हैं। अवैध रूप से सड़क पर लोहे के पाइप लगवाए गए हैं। यहाँ से केवल दोपहिया वाहन ही निकल सकते हैं। क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि यहाँ से रोजाना बड़ी संख्या में चारपहिया वाहन निकलते हैं।

कई कॉलोनियों को जोड़ती है सड़क

कछपुरा ब्रिज-संजीवनी नगर सड़क कई कॉलोनियों को जोड़ती है। क्षेत्र के प्रतीक पटेल, आनंद श्रीवास्तव और पीयूष पांडे ने बताया कि यहाँ पर संजीवनी नगर, दुर्गा कॉलोनी, नब्बे क्वार्टर और अन्य कॉलोनियों के लोगों का आना-जाना होता है। सड़क पर लोहे के पाइप लगा दिए जाने से अब फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस भी नहीं आ पाएगी।

क्षेत्रीय नागरिकों की शिकायत के बाद रात में मौके का निरीक्षण किया गया है। यहाँ पर अवैध तरीके से सड़क पर लोहे के पाइप लगाए गए हैं। शनिवार को सड़क से लोहे के पाइप हटाने की कार्रवाई की जाएगी।

-दिनेश प्रताप सिंह, संभागीय अधिकारी, कछपुरा जोन

Tags:    

Similar News