Jabalpur News: काम रोकने पहुंची आर्मी की क्यूआरटी टीम, हंगामा

  • कहा: बिना अनुमति हो रहा था निर्माण, पूर्व पार्षद के साथ मारपीट का आरोप, प्रदर्शन
  • करीब 4 घंटे चले धरना प्रदर्शन के बाद सैन्य अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ।
  • कांग्रेसी कैंट थाने पहुँचे और पूर्व पार्षद से मारपीट का आरोप लगाते हुए घंटों धरना-प्रदर्शन किया।

Bhaskar Hindi
Update: 2024-09-20 13:19 GMT

Jabalpur News: कैंट थाना क्षेत्र स्थित मोदीबाड़ा में गुरुवार की सुबह बिना अनुमति चल रहे निर्माण कार्य को रोकने को लेकर जमकर हंगामा हुआ। इस दौरान आर्मी की क्यूआरटी टीम के साथ कैंट बोर्ड के पूर्व पार्षद अमरचंद बावरिया की जमकर नोकझोंक हो गई।

इस घटना को लेकर बड़ी संख्या में कांग्रेसी कैंट थाने पहुँचे और पूर्व पार्षद से मारपीट का आरोप लगाते हुए घंटों धरना-प्रदर्शन किया। उधर जानकारी लगने पर सैन्य अधिकारी भी थाने पहुँचे और मामले में जाँच का आश्वासन दिए जाने पर मामला शांत हुआ। प्रदर्शन के दौरान पूर्व पार्षद ने बताया कि सुबह साढ़े 9 बजे के करीब मोदीबाड़ा में संतोष विनोदिया के घर चल रहे निर्माण कार्य को रोकने के लिए आर्मी क्यूआरटी टीम पहुँची थी।

जानकारी लगने पर जब वे वहाँ पहुँचे तो क्यूआरटी टीम और कुछ महिलाओं के बीच विवाद चल रहा था। उन्होंने क्यूआरटी टीम को रोकने का प्रयास किया, जिसे लेकर बहसबाजी होने लगी। तभी क्यूआरटी टीम ने उन्हें अपने आर्मी वाहन में बैठा लिया और आर्मी सेेंटर ले जाकर मारपीट की। उनका कहना था कि करीब आधा घंटे बाद उन्हें छोड़ा गया।

थाने में धरना प्रदर्शन

पूर्व पार्षद के साथ हुई घटना की जानकारी लगने पर बड़ी संख्या में कांग्रेसी थाने पहुँचे और मारपीट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की माँग को लेकर हंगामा मचाते हुए धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। करीब 4 घंटे चले धरना प्रदर्शन के बाद सैन्य अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता आलोक मिश्रा, अभिषेक चौकसे, सचिन रजक सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

दोनों पक्षों ने लगाए आरोप

टीआई राजकुमार खटीक का कहना है कि इस मामले को लेकर कांग्रेसजनों द्वारा एक शिकायत की गयी है। वहीं क्यूआरटी टीम द्वारा भी शिकायत की गयी है, जिसकी जाँच के बाद वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Tags:    

Similar News