जबलपुर: यहाँ ऑफिस लगने और स्कूल छूटने पर पैदल चलना भी हो रहा मुश्किल

  • लापरवाही : निवाड़गंज में बेहद धीमी गति से चल रहा नाले का निर्माण
  • वाहनों के घूमकर निकलने से बल्देवबाग चौराहा से उखरी तिराहे तक हर रोज लग रहा जाम
  • ट्रैफिक पुलिस के अक्सर गायब रहने से यह समस्या और भी विकराल हो जाती है।

Bhaskar Hindi
Update: 2024-07-13 12:42 GMT

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। बल्देवबाग चौक से उखरी तिराहा तक रोजाना जाम जैसे हालात निर्मित हो रहे हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि पिछले करीब 1 महीने से नगर निगम द्वारा निवाड़गंज रोड पर नाले का निर्माण कराया जा रहा है। इस दौरान यहाँ शेड लगा होने के कारण वाहन चालक घूमकर आवागमन कर रहे हैं।

यही वजह है कि  सुबह ऑफिस लगने और दोपहर स्कूलों की छुट्टी होने पर यहाँ पैदल चलना भी मुश्किलों भरा हो जाता है। ट्रैफिक पुलिस के अक्सर गायब रहने से यह समस्या और भी विकराल हो जाती है। खासकर स्कूल और कार्यालयों के लगने व छूटने के वक्त पीक आवर्स में लोगों की परेशानी और भी बढ़ जाती है।

नगर निगम करवा रहा नाले का निर्माण

जानकारों की मानें तो बल्देवबाग चौक से निवाड़गंज रोड पर नगर निगम द्वारा नाले का निर्माण कराया जा रहा है। करीब 1 माह पूर्व ये निर्माण कार्य एक ठेकेदार के माध्यम से शुरू किया गया था। लेकिन मंथर गति से चलने के कारण दो-पहिया एवं चार-पहिया वाहन चालक घूमकर आवागमन करते हैं।

इतना ही नहीं नया शैक्षणिक सत्र शुरू होने के कारण सुबह से लेकर शाम तक बल्देवबाग चौराहे से लेकर उखरी तिराहे तक वाहनों की लम्बी कतार लगी रहती है और आवागमन भी अवरुद्ध हो जाता है।

सुबह के अलावा दोपहर और शाम को भी समस्या

क्षेत्रीय नागरिक रीतेश अग्रवाल, कृष्णलाल शर्मा, आनंद गर्ग एवं रूपेश साहू आदि ने बताया कि बल्देवबाग चौक पर फ्लाईओवर निर्माण कार्य चल रहा है। इसके अलावा नया शिक्षण सत्र भी शुरू हो गया है।

इसी कारण रोजाना सुबह 9 बजे के आसपास जब ऑफिस लगने का समय होता है और दोपहर 1:30 के आसपास स्कूलों की छुट्टी हाेती है और शाम को पुन: 5 बजे के आसपास जब स्कूल-कॉलेज एवं ऑफिसों में कार्यरत लोग घरों की ओर लौटते हैं तब भी बल्देवबाग से उखरी तिराहा तक पैदल चलना भी कठिन होने लगता है।

ट्रैफिक पुलिस भी रहती है गायब

इन सारे हालातों के बावजूद ट्रैफिक पुलिस का अमला अक्सर गायब ही रहता है। इसी कारण दुकानों के सामने लोग अपने वाहनों को बेतरतीब ढंग से खड़े कर देते हैं। इसके अलावा वाहन चालक भी जहाँ-तहाँ से अपनी गाड़ियाँ दौड़ाने लगते हैं और इन हालातों में भयावह जाम लगने की समस्या सामने आने लगती है।

निवाड़गंज रोड पर चल रहे उक्त निर्माण कार्य के ठेकेदार से हमने बात की थी। तब उसने 1 माह का समय और लगने की बात कही है। इस बीच इस रूट पर जाम न लगे इसके लिए हमने आज ही रानीताल चौक से बल्देवबाग चौक और यहाँ से पांडे चौराहा तक बेवजह खड़े वाहनों को अलग करवाया है।

- संतोष कुमार शुक्ला, डीएसपी, ट्रैफिक थाना मालवीय चौक

Tags:    

Similar News