हाई कोर्ट को उच्च न्यायिक सेवा के अनुभव का मिलेगा लाभ

नवनियुक्त जजों के स्वागत कार्यक्रम में बोले प्रशासनिक न्यायाधीश

Bhaskar Hindi
Update: 2023-05-05 11:19 GMT

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के प्रशासनिक न्यायाधीश शील नागू ने कहा िक जिला अदालतों से हाई कोर्ट में पदस्थ हुए नवागत जजों के रूप में उनके उच्च न्यायिक सेवा के अनुभव का लाभ उच्च न्यायालय के साथ पक्षकारों को भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि जजों की संख्या बढ़ने से न्याय दान की प्रक्रिया भी तेज होगी। जस्टिस नागू गुरुवार को हाई कोर्ट बार एसोसिएशन द्वारा सिल्वर जुबली आदर्श सभागार में आयोजित नवनियुक्त न्यायाधीशों के स्वागत कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

हाई कोर्ट में पदस्थ हुए सात नए न्यायाधीशों रूपेश चंद्र वार्ष्णेय, अनुराधा शुक्ला, हिरदेश, प्रेम नारायण सिंह, अचल कुमार पालीवाल,अवनींद्र कुमार सिंह व संजीव कलगांवकर का हाई कोर्ट बार में सम्मान किया गया। हाई कोर्ट एडवोकेट्स बार अध्यक्ष अनिल खरे, अतिरिक्त महाधिवक्ता हरप्रीत रूपराह, हाई कोर्ट बार अध्यक्ष संजय वर्मा व सचिव परितोष त्रिवेदी मंचासीन रहे। सातों नए न्यायाधीशों ने बार की ओर से किए गए सम्मान के प्रति आभार ज्ञापित किया।

जनता का भरोसा है अदालत

हाई कोर्ट बार अध्यक्ष संजय वर्मा ने कहा कि मप्र एक आदिवासी बहुल प्रांत है। यहाँ की जनता साधारण प्रवृत्ति की है। उसके लिए न्याय की आस का सबसे बड़ा केंद्र-बिंदु मप्र हाई कोर्ट ही है। सुप्रीम कोर्ट तक पहुँचने में आर्थिक रूप से कमजोर तबके के लोग अक्षम है। लिहाजा, हाई कोर्ट जजेस की भूमिका व जिम्मेदारी अपेक्षाकृत अधिक बढ़ जाती है। उम्मीद है कि नवागत न्यायाधीश इस बिंदु को स्मरण रखकर सहज, सुलभ व त्वरित न्यायदान का आदर्श प्रस्तुत करेंगे।

Tags:    

Similar News