पनागर के बघौड़ा गाँव में घटना: बाढ़ में बहकर गाँव के अंदर पहुँचा मगरमच्छ, ग्रामीणों में फैली दहशत

  • सूचना के बाद भी नहीं पहुँची वन विभाग की टीम
  • खमरिया में तेंदुए के लगातार मूवमेंट से दहशत का माहौल निर्मित है।
  • विगत दिनों ओएफके परिसर के अंदर तेंदुआ दिखाई दिया था

Bhaskar Hindi
Update: 2024-09-13 12:13 GMT

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। पनागर के ग्राम बघौड़ा में गुरुवार की सुबह एक मगरमच्छ काे देखकर दहशत फैल गई। ग्रामीणों के अनुसार गाँव हिरन नदी से लगा हुआ है। लगातार हुई बारिश के कारण नदी में बाढ़ आने पर मगरमच्छ दूसरी जगह से बहकर गाँव तक पहुँच गया।

पानी उतरने के बाद मगरमच्छ नदी में वापस नहीं लौट पाया तो उसने गाँव के छोटे तालाब में ठिकाना बना लिया और इस तालाब के पानी का उपयोग गाँव वाले करते हैं। समीप ही एक मैदान है जहाँ मवेशियों के साथ गाँव के बच्चे खेलते हैं। ऐसे में मगरमच्छ का रेस्क्यू करके उसे दूसरी जगह शिफ्ट नहीं किया गया तो कोई भी अनहोनी हो सकती है।

ग्रामीणों के अनुसार इस संबंध में पनागर थाने के साथ तहसीलदार और वन विभाग को भी सूचना दे दी गई है। लेकिन वन विभाग की कोई भी टीम मदद या रेस्क्यू के लिए नहीं पहुँची। गाँव वालों की मानें तो मगरमच्छ चार से पाँच फीट लंबा है, जो लगातार तालाब से निकलकर खुले मैदान के आसपास छिपकर बैठा रहता है।

खमरिया में फिर तेंदुए की दहशत |

खमरिया में तेंदुए के लगातार मूवमेंट से दहशत का माहौल निर्मित है। विगत दिनों ओएफके परिसर के अंदर तेंदुआ दिखाई दिया था, जिसके कारण फैक्ट्री कर्मी दहशत में हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गुरुवार की सुबह एफ-टाइप में एक तेंदुआ काॅलोनी के अंदर घूमता हुई दिखाई दिया था। आवारा श्वानों के झुंड की आवाज सुनकर जब काॅलोनी वालों ने तेंदुए को देखा तो सभी अपने पालतू पशुओं को लेकर घरों के अंदर चले गए।

रिटायर्ड डीएसपी के बंगले में घुसा रसल वाइपर साँप

गढ़ा निवासी रिटायर्ड डीएसपी अरविंद दुबे के घर में बीती सुबह रसल वाइपर प्रजाति का साँप घुस गया, जिसके बाद पूरा परिवार दहशत में आ गया। सूचना मिलने पर सर्प विशेषज्ञ हरेन्द्र शर्मा वहाँ पहुँचे और साँप को कब्जे में लिया। इसी तरह पंचशील नगर निवासी प्रदीप महाराज के घर में कोबरा प्रजाति का साँप घुस गया था, जिसे हरेन्द्र ने पकड़कर पाटबाबा के जंगल में छोड़ा।

Tags:    

Similar News