उत्सव: ढोल-नगाड़ोंं के बीच हुआ विघ्नहर्ता का आगमन

  • विघ्नहर्ता का आगमन
  • ढोल-नगाड़ोंं के बीच त्यौहार

Bhaskar Hindi
Update: 2023-09-20 11:15 GMT

डिजिटल डेस्क, गोंदिया/भंडारा. मंगलवार 19 सितंबर को गोंदिया और भंडारा जिले में भक्त सुबह से ही भगवान श्रीगणेश को ले जाने मूर्तिकारों के पास पहुंचे थे। गाजे-बाजे और ढोल नगाड़ों के शोभायात्रा निकालकर धूमधाम से गणपति बप्पा की घर-घर और मंडलों में स्थापना की गई। इस दौरान डीजे की धून पर "गणपति बप्पा मोरया' के जयघोष से क्षेत्र का वातावरण गूंज उठा। भक्तों में उत्साह देखने लायक था। भक्तों ने बड़े उत्साह के साथ बप्पा का स्वागत किया। बड़े मंडलों द्वारा ढोल – ताशा की धुन पर बप्पा को पंढालों में लाया गया। गणेशोत्सव के चलते बाजार भी गुलजार हुआ है। सुबह से बाजार में ग्राहकों की भीड़ लगी रही। मिठाई से लेकर फुल तक कपडे से लेकर सजावट की सामग्री तक सभी दुकानों में ग्राहकों की रौनक बनी रही। अब अगले दस दिन बप्पा की भक्ती के होंगे। भाविक पुरी श्रध्दा के साथ गणपति बप्पा की पुजा अर्चना करेंगे। जिले में गणेशोत्सव बड़े धुमधाम से मनाया जाता है। घरेलु गणेश हो या सार्वजनिक मंडलों द्वारा स्थापित गणेश जिले में बड़ी संख्या में गणेश मुर्ती की स्थापित की जाती है। इन दस दिनों में कई इलाकों की तस्वीर बदल जाती है। शहर व जिले में बड़ी संख्या में रोषनाई की जाती है। बड़े गणेश मंडलों द्वारा मेले का आयोजन किया जाता है। इन दस दिनों में बाजार भी गुलजार रहता है। मंगलवार को भाविकों ने गणपति बप्पा की स्थापना की। शहर के मुख्य भंडारा के राजा का भी आगमन हुआ। वहीं अलग अलग प्रभागों में भी अलग अलग मंडलों द्वारा गणपति की स्थापना की गई है। अगले दस दिन यानी 28 सितंबर को अनंत चतुर्थी तक गणेशोत्सव मनाया जाएगा। सार्वजनिक गणेशोत्सव उत्सव एक या दो दिन अधिक चलेंगे।

जगह-जगह हुआ शोभायात्रा का स्वागत

गोंदिया में विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेशजी का आगमन मंगलवार 19 सितंबर को भाद्र शुक्ल पक्ष चर्तुथी को नगर में यत्र-तत्र-सार्वजनिक सुसज्जित अस्थायी भवनों (पंडाल) सहित धर्मप्रेमी नागरिकों के निवास स्थान पर बड़े ही धूमधाम से प्रात:काल 10 से दोपहर 2 बजे तक विराजमान हुए। श्री गणेशजी गाजे-बाजे के साथ एक ओर दुपहिया वाहनों तो दुसरी ओर चौपहिया वाहनों पर भक्तों द्वारा ले जाते हुए दिखाई दिए। सुबह 9 बजे से ही नगर में मूर्तिकारों के पंडालों में श्री गणेशजी की मूर्ति को ले जाने के लिए भारी भीड़ रही। विभिन्न रूपों में श्रीजी की मूर्ति को ढोल-तासों की धून पर थिरकते हुए युवकों ने भव्य शोभायात्रा निकाली। कुछ मूर्तिकारों के यहां श्री गणेशजी का श्रृंगार भी किया जा रहा था। मूर्तिकारों के निवास स्थान पर सर्वप्रथम सार्वजनिक गणेश मंडलों द्वारा विधिविधानानुसार शोभायात्रा निकालने के पूर्व पूजन कर पुष्पमाला अर्पित की गई। आरती उतारकर प्रसाद वितरण किया गया। 

गोंदिया जिले में पिछले तीन-चार दिनों से अलग-अलग स्थानों पर रुक-रुककर लगातार बारिश हो रही थी। लेकिन 19 सितंबर को दिनभर मौसम पुरी तरह साफ रहा और आज से शुरू हुए 10 दिवसीय गणेशोत्सव में श्री की स्थापना में कहीं कोई विघ्न निर्माण नहीं हुआ। जिले में सभी स्थानों पर निर्विघ्न हर्षोल्लास एवं बाजे-गाजे के साथ शोभायात्रा निकलकर सार्वजनिक पंडालों एवं घरों में श्री गणेश की स्थापना की गई। पुलिस सुत्रों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार जिले में इस वर्ष 6 हजार 144 स्थानों पर श्री गणेश की स्थापना की गई। जिनमें से 673 स्थानों पर सार्वजनिक गणेश प्रतिमाएं स्थापित की गई, जबकि 5 हजार 471 घरों में श्री गणेश की स्थापना की गई है। जिले में 395 गांवों में एक गांव-एक गणपति की संकल्पना भी साकार की गई है। गणेश उत्सव के दौरान सार्वजनिक गणेश उत्सव मंडलों द्वारा विविध कार्यक्रमों का आयोजन किए जाने से 10 दिनों तक लगातार जिले में धार्मिक वातावरण बना रहेगा। गणेशोत्सव, ईद के दौरान कड़ा पुलिस बंदोबस्त : जिला पुलिस अधिक्षक निखील पिंगले के नियंत्रण एवं मार्गदर्शन में अपर पुलिस अधिक्षक अशोक बनकर, गोंदिया जिले के 4 उपविभागीय पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व एवं कुल 16 पुलिस स्टेशनों के थानेदारों की देखरेख में गणेशोत्सव के दौरान पुलिस

बंदोबस्त रहेगा।

जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सार्वजनिक गणेशोत्सव के स्थानों, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर फिक्स पाईंट बंदोबस्त के साथ ही नाकाबंदी एवं पेट्रोलिंग का नियोजन किया गया है। जेब कतरों, छेड़छाड़ करने वालों, चोरी की वारदात को अंजाम देने वालों पर नियंत्रण के लिए सादे वेश में अधिकारी-कर्मचारी तैनात रहेंगे। इसके अलावा चार्ली, दामिनी पथक सक्रीय किए गए है। जिले के सभी 16 पुलिस स्टेशनों के अंतर्गत आने वाले सभी पुलिस अधिकारी, कर्मचारी, पुलिस मुख्यालय के आरसीपी पथक, क्युआरटी पथक, सी-60 पथक, बीटीडीएस पथक, मोटर परिवहन विभाग के अलावा होम गार्ड, राज्य आरक्षित पुलिस बल को बंदाेबस्त में तैनात किया गया है। अतिरिक्त बंदोबस्त के रूप में जिला एवं उपविभाग स्तर पर स्ट्राकिंग फोर्स एवं आरक्षित बंदोबस्त तैनात किया गया है।

शांति एवं सौहार्द्र के साथ मनाएं त्योहार

जिला पुलिस प्रशासन ने जिले के सभी नागरिकों से गणेशोत्सव एवं ईद का त्यौहार शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में आपसी सामजंस्य बनाए रखकर मनाने का आव्हान किया है। साथ ही कानून व्यवस्था की स्थिती को बिगाड़ने का प्रयत्न करने वाले अपराधिक प्रवृत्ती के व्यक्तियों के साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।

Tags:    

Similar News