कटनी की निर्दलीय महापौर प्रीति सूरी की भाजपा में वापसी

डिजिटल डेस्क,कटनी। भाजपा से बगावत कर निर्दलीय महापौर निर्वाचित हुंई प्रीति सूरी सोमवार को एक बार फिर भाजपा की हो गईं। भोपाल में भाजपा मुख्यालय में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उन्हें भाजपा की सदस्यता दिलाई। प्रीति सहित 35 भाजपा पार्षदों को 6 महीने पहले निकाय चुनाव दरम्यान पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया गया था। पार्टी से निष्कासित प्रीति सहित 3 निर्दलीय पार्षदों सुमन मखीजा, डॉ रमेश सोनी, खुशबू सोनी की भी सांसद तथा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा, गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा तथा विजयराघवगढ़ विधायक संजय पाठक की मौजूदगी में घर वापसी हुई। भाजपा ज्वाइन करने के बाद प्रीति सूरी ने अपनी वापसी को शहर विकास के मद्देनजर लिया गया निर्णय बताया।
भाजपा प्रीति का परिवार : मुख्यमंत्री
प्रीति सूरी का मुंह मीठा कर स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, भाजपा प्रीति का परिवार था। वह फिर से अपने परिवार में शहर के बेहतर विकास के लिए आ रही हैं। उनका हृदय से स्वागत है। वीडी शर्मा ने कहा, महापौर पद पर प्रीति सूरी के जीतने के बाद पहले दिन ही तय कर लिया था कि कटनी के विकास को अवरुद्ध नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा भाजपा बड़े हृदय का परिवार है। सामान्य घटनाएं होती रहती हैं। हमारी महापौर भी विकास की नई ऊंचाइयों की छुएंगी।
यह सब मिलेगा कटनी को
प्रीति सूरी के भाजपा में शामिल होने के बाद कटनी को मिनी स्मार्ट सिटी के लिए पैकेज मिलने का रास्ता साफ हो गया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने 2016 में इसकी घोषणा की थी। बकौल महापौर प्रीति सूरी ‘ मैंने शहर विकास के मद़्देनजर भाजपा में वापस जाने का निर्णय लिया है। 114 परचून कारोबारियों को ट्रांसपोर्टनगर में प्लाट आवंटन, जुहला बायपास से देवरी बायपास तक रिंग रोड और मिनी स्मार्ट सिटी के लिए पैकेज पर सहमति मिलने के बाद ही मैंने यह निर्णय लिया है। ’
Created On :   31 Jan 2023 12:32 PM IST