बिहार में अमित शाह: माता सीता का मंदिर बनवाने का किया ऐलान, चुनाव में फिर से एनडीए सरकार बनने का दावा

- मंदिर बनवाने का किया अमित शाह ने ऐलान
- एनडीए सरकार बनने का किया दावा
- अमित शाह ने बिहार में दिया बयान
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बिहार में इस साल चुनाव होने वाले हैं। गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार चुनाव की शुरुआत कर दी है। दो दिनों के लिए अमित शाह बिहार दौरे पर पर गए थे, आज उनका दूसरा दिन था और उनकी गोपालगंज में रैली थी। उनकी इस रैली में एनडीए में बिहार के भी कई सारे सहयोगी दल मौजूद थे। उन्होंने बिहार में माता सीता का विशाल मंदिर बनाने का ऐलान कर दिया है।
अमित शाह ने क्या कहा?
अमित शाह ने गोपालगंज में लोगों को संबोधित करते हुए विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने राजद और कांग्रेस पर बिहार के लिए कुछ भी नहीं करने का आरोप लगाया है। उन्होंने लालू यादव सरकार पर निशाना साधते हुए उनसे सवाल किया कि, लालू यादव केंद्र सरकार में मंत्री थे, तब भी उन्होंने बिहार को क्या दिया? उन्हें इसका हिसाब-किताब भी देना होगा। लालू यादव ने ना बिहार के लिए कुछ किया और ना ही सोनिया गांधी और मनमोहन सिंह ने यहां के विकास में भी किसी भीतरह का योगदान नहीं दिया है।
मेरे जिगर के टुकड़ों से किया संबोधित
गृह मंत्री अमित शाह ने संबोधित करते हुए कहा कि, 'मेरे जिगर के टुकड़ों जैसे युवा मित्रों सबको राम-राम और प्रणाम। मैं सभी धर्म स्थानों को प्रणाम करके शुरुआत करता हूं। ये गोपालगंज की जमीन ने हमेशा देश को नया रास्ता दिखाने का प्रयास किया है। लालू एंड कंपनी ने राम मंदिर बनाने में अडंगा लगाया था। लेकिन मैं बता दूं कि अब मां सीता के मंदिर को इस बिहार की धरती पर ही स्थापित किया जाएगा।'
लालू यादव को घेरा
अमित शाह ने आगे कहा कि, 'लालू जी ने एक ही काम किया है और वो है अपने परिवार को सेट करने का। दोनों बेटे सीएम की तैयारी में लगे हुए हैं। एक बेटी राज्य सभा सांसद हैं तो दूसरी बेटी को लोकसभा लड़वाया था, पत्नी सीएम रह चुकी हैं। लालू जी ने बिहार के युवाओं को सेट नहीं किया है। आरजेडी के समय अपहरण, फिरौती, दंगा आम बात थी। ये लोग घोटाले करते थे और इनको शर्म भी नहीं आती थी। गौ माता का चारा भी बिहार में लालू जी ही खा रहे थे।'
एनडीए सरकार के गिनवाए काम
अमित शाह ने कहा कि, 'एक बार और पांच साल एनडीए की सरकार बनाइए, हम बिहार को बाढ़ से मुक्त कर देंगे। हमने मैथिली भाषा को आठवीं अनुसूची में शामिल किया है। मखाना को जी1 टैग दिलवाया है। बिहरा कोकिला शारदा सिन्हा को पद्म भूषमण दिया है और मरणोपरांत पद्म विभूषण देने का भी काम किया है। एक करोड़ 17 लाख बहनों को गैस सिलेंडर भी दिया है।'
Created On :   30 March 2025 4:25 PM IST