Ramakant Bhargava Biography: कौन हैं रमाकांत भार्गव? जो शिवराज सिंह की जगह बुधनी से बने बीजेपी उम्मीदवार

कौन हैं रमाकांत भार्गव? जो शिवराज सिंह की जगह बुधनी से बने बीजेपी उम्मीदवार
  • बीजेपी ने बुधनी विधानसभा उपचुनाव के लिए की प्रत्याशी की घोषणा
  • पूर्व सांसद रमाकांत भार्गव को दी टिकट
  • शिवराज सिंह चौहान के बेहद करीबी माने जाते हैं भार्गव

डिजिटल डेस्क, भोपाल। बीजेपी ने शनिवार को देश के 8 राज्यों की 24 सीटों पर होने वाले विधानसभा उपचुनाव के लिए उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। इनमें मध्यप्रदेश की दो सीटें सीहोर जिले की बुधनी और श्योपुर जिले की विजयपुर विधानसभा सीट भी शामिल है। विजयपुर से जहां पार्टी ने वन मंत्री रामनिवास रावत को टिकट दिया है। वहीं बुधनी से पूर्व सांसद रमाकांत को उम्मीदवार बनाया है।

बात करें रमाकांत भार्गव की तो उन्हें शिवराज सिंह चौहान का बेहद करीबी माना जाता है। आईए जानते हैं उनके बारे में....

  • 71 साल के रमाकांत भागर्व ने सुषमा स्वराज के मना करने पर 2019 में विदिशा लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में उन्होंने 5 लाख 3 हजार वोटों से जीत दर्ज की थी। इस चुनाव में उन्होंने कांग्रेस के शैलेंद्र चंद्र को हराया था।
  • रमाकांत भार्गव मार्कफेड के अध्यक्ष के पद पर रहे हैं। इसके अलावा वो अपेक्स बैंक के डायरेक्टर का पद भी संभाल चुके हैं।

इस वजह से मिला टिकट

इस साल मई-जून में हुए लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने रमाकांत भार्गव का विदिशा से टिकट काटकर शिवराज सिंह चौहान को उम्मीदवार बनाया था। वह शिवराज सिंह चौहान के करीबी भी माने जाते हैं। भार्गव बुधनी में शिवराज सिंह चौहान के 6 चुनाव के संचालक की भूमिका में भी रहे हैं।

बता दें कि इस सीट पर बीजेपी के उम्मीदवार के रूप में कई लोगों के नाम सामने आए थे, जिसमें शिवराज सिंह चौहान के बड़े बेटे कार्तिकेय चौहान का भी नाम शामिल था। लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान में केंद्रीय कृषि मंत्री के बेटे के नाम को दरकिनार करते हुए भाजपा ने रमाकांत भार्गव के नाम पर मुहर लगाई।

इस वजह से हो रहा उपचुनाव

बता दें कि साल 2023 में हुए विधानसभा चुनाव में बुधनी से तत्कालीन सीएम शिवराज सिंह चौहान ने 1 लाख से ज्यादा वोटों से जीत हासिल की थी। इस साल हुए लोकसभा चुनाव में विदिशा से सांसद चुने जाने के बाद शिवराज ने विधायिकी से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद यह सीट खाली हो गई थी। जिस पर अब उपचुनाव हो रहा है। इसके लिए वोटिंग 13 नवंबर को होगी। वहीं, 23 नवंबर रिजल्ट घोषित होगा।

Created On :   19 Oct 2024 7:09 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story