बयान पर बवाल: 'अकबर रेपिस्ट, आक्रमणकारी और लुटेरा था...', विधानसभा में बोले राजस्थान के शिक्षा मंत्री

- राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर का बयान चर्चा में
- मुगल बादशाह अकबर को बताया लुटेरा और बलात्कारी
- पूर्व सरकारों पर अकबर की बर्बरता छिपाने का था आरोप
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सपा नेता अबू आजमी द्वारा मुगल बादशाह औरंगजेब की तारीफ करने पर सियासी बवाल मचा हुआ है। इस बीच राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर का बयान भी चर्चा में आ गया है। उन्होंने मुगल बादशाह अकबर को रेपिस्ट, आक्रमणकारी और लुटेरा करार दिया है। मंत्री मदन दिलावर ने यह बयान विधानसभा में शिक्षा विभाग के लिए अनुदान मांगों पर चर्चा का जवाब देते हुए यह टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि हमें इस बात से बहुत दुख होता है कि वे महापुरुषों के बारे में क्या पढ़ाते थे। उन्होंने महाराणा प्रताप के शौर्य को कम करने का प्रयास किया है।
आक्रमणकारी था अकबर
इंडियन एक्सप्रेस की खबर के अनुसार, शिक्षा मंत्री दिलावर ने मुगल बादशाह अकबर के बारे में कहा कि जो मीना बाजार लगाता था, दुष्कर्म, आक्रमणकारी और लुटेरा था, उसको महान कहा गया। यह देश का और हमारे महापुरुषों का अपमान था। इसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है।
अकबर की बर्बरता छिपाई गई
राजस्थान के शिक्षा मंत्री के विधानसभा में दिए इस बयान पर वहां मौजूद विपक्षी विधायकों ने आपत्ति जताई तो दिलावर ने सवाल किया कि अकबर आपका क्या लगता है? औरंगजेब ने अनगिनत हिंदुओं को मारा, सैकड़ों मंदिरों को ध्वस्त किया और हिंदुओं पर जजिया टैक्स किया। इस बर्बरता को देश के छात्रों से छिपाया गया। इसे कई वर्षों तक पाठ्यपुस्तकों में पढ़ाया गया। आक्रमणकारी और क्रूर शासन तैमूर को महान बताया गया। वह पूरी तरह से गलत था।
बता दें कि यह पहला मौका नहीं है जब मदन दिलावर ने अकबर पर हमला बोला हो। इससे पहले पिछले साल फरवरी में भी मदन दिलावर ने अकबर को रेपिस्ट करार दिया था। उन्होंने तब कहा था कि अकबर बलात्कारी था। यहां तक उसका नाम लेना भी पाप है।
Created On :   5 March 2025 9:21 PM IST