सियासत: 'संसद में पता चलेगा भाई-बहन में ज्यादा नाकारा कौन...', वायनाड सीट छोड़ने पर बीजेपी नेता ने राहुल और प्रियंका पर साधा निशाना

संसद में पता चलेगा भाई-बहन में ज्यादा नाकारा कौन..., वायनाड सीट छोड़ने पर बीजेपी नेता ने राहुल और प्रियंका पर साधा निशाना
  • राहुल गांधी रायबरेली से बने रहेंगे सांसद
  • वायनाड से चुनाव लड़ेंगी प्रियंका गांधी
  • बीजेपी ने साधा निशाना

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने वायनाड सीट छोड़ने का फैसला किया है। अब उनकी जगह पर वायनाड सीट से कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी उपचुनाव लड़ेंगी। इस बीच बीजेपी के नेताओं ने कांग्रेस के फैसले पर जमकर हमला बोला है। वहीं, इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों ने उनकी तारीफ की है।

बीजेपी ने बोला हमला

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी द्वारा रायबरेली लोकसभा सीट बरकरार रखने और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी द्वारा वायनाड से उपचुनाव लड़ने पर भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने कहा, "कांग्रेस कोई पार्टी नहीं बल्कि एक पारिवारिक कंपनी है ये आज सिद्ध हो गया। राहुल गांधी इस बात को समझ गए हैं कि समाजवादी पार्टी के बल पर उत्तर प्रदेश की जो कुछ सीटों पर उन्हें(कांग्रेस) जीत मिल गई है, उन सीटों पर उपचुनाव करवाने से उनकी सीट पर खतरा आ सकता है। वहां पर भाजपा तुरंत चुनाव के बाद मजबूत हो चुकी है। वायनाड की जनता के साथ ये बहुत बड़ा धोखा है। ये बात भी स्पष्ट हो गई है कि परिवार की राजनीतिक विरासत बेटे के हाथ में रहेगी।"

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी के वायनाड से चुनाव लड़ने पर भाजपा नेता अजय आलोक ने कहा, "प्रियंका गांधी को शुभकामनाएं, हालांकि उनके लिए वायनाड से चुनाव लड़ना आसान नहीं होगा। अगर वे(प्रियंका गांधी) गलती से जीत भी गईं तो संसद काफी दिलचस्प होने वाली है। लोकसभा में भाई-बहन के बीच 'ज्यादा नाकारा कौन है' इस पर प्रतिस्पर्धा होगी। ये समस्या कांग्रेस पार्टी की है हमारी(भाजपा) नहीं।"

भाजपा नेता आर.पी. सिंह ने कहा, "जिस वायनाड ने उन्हें अमेठी से हारने के बाद बचाया, जिस वायनाड ने उन्हें सदन भेजा, उस वायनाड को वे छोड़ रहे हैं। वायनाड सीट के बाद रायबरेली की घोषणा तब तक नहीं की गई जब तक रायबरेली का चुनाव नहीं हो गया। उनके(राहुल गांधी) मन में यदि अपनी बहन के प्रति इतना ही प्यार था तो वे रायबरेली की सीट उन्हें(प्रियंका गांधी) दे देते, वायनाड से खुद सांसद रहते।"

भाजपा राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा ने कहा, "वे(राहुल गांधी) जानते हैं कि यदि उन्होंने रायबरेली से इस्तीफा दिया तो दोबारा जीतने की स्थिति नहीं है। इसलिए उत्तर प्रदेश से डर गए। प्रियंका गांधी कहती थीं कि 'लड़की हूं, लड़ सकती हूं', अगर लड़ सकती हैं तो वो आएं, उत्तर प्रदेश से चुनाव लड़ें। ये दोनों भाई-बहन केवल अपनत्व का झांसा देते हैं। वायनाड की जनता भी जाग्रत होगी और प्रियंका गांधी के जीवन का जो पहला चुनाव होगा वो हार के साथ शुरू होगा।"

वायनाड से उपचुनाव लड़ेंगी प्रियंका गांधी

राहुल गांधी ने इस बार के लोकसभा चुनाव में रायबरेली और वायनाड दोनों सीटों पर चुनाव लड़ा था। साथ ही, उन्होंने दोनों ही सीटों पर जीत भी हासिल की। ऐसे में उन्हें दोनों में से एक सीट को 14 दिनों के भीतर इस सीट छोड़ना था। राहुल गांधी ने रायबरेली सीट से सांसद बने रहने का फैसला लिया है। इस मसले को सुलझाने कि लिए कांग्रेस में करीब घंटे तक मीटिंग चली। इसके बाद पार्टी के एक नतीजे पर पहुंची। जिसके मुताबिक, राहुल गांधी रायबरेली से सांसद बने रहेंगे। वहीं, प्रियंका गांधी वायनाड से चुनाव लड़ेंगी।

भावुक हुए राहुल गांधी

मीडिया से कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, "प्रियंका गांधी वायनाड से चुनाव लड़ने जा रही हैं और मुझे विश्वास है कि वह चुनाव जीतेंगी। वायनाड के लोग सोच सकते हैं कि उनके पास संसद के 2 सदस्य हैं, एक मेरी बहन हैं और दूसरी मैं हूं। वायनाड के लोगों के लिए मेरे दरवाजे हमेशा खुले हैं, मैं वायनाड के हर एक व्यक्ति से प्यार करता हूं।"

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, "राहुल गांधी ने 2 सीटों पर लोकसभा चुनाव जीता है। जिसके चलते उन्हें एक सीट छोड़नी पड़ेगी। पार्टी ने तय किया है कि राहुल गांधी को रायबरेली की सीट रखनी चाहिए। वायनाड से खाली सीट पर प्रियंका गांधी वाड्रा चुनाव लड़ेंगी।"

मैं बहुत खुश हूं- प्रियंका गांधी

पहली बार सांसद का चुनाव लड़ने जा रही कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, "मैं बहुत खुश हूं कि मैं वायनाड के लोगों का प्रतिनिधित्व करने जा रही हूं। मैं वायनाड को इनकी(राहुल गांधी) कमी महसूस नहीं होने दूंगी। हम दोनों रायबरेली में भी मौजूद होंगे और वायनाड में भी।"

Created On :   17 Jun 2024 5:29 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story