भारत जोड़ो यात्रा के थमते ही कांग्रेस करेगी नए प्लान की शुरूआत, जानें कैसा होगा 'हाथ से हाथ जोड़ो' अभियान

डिजिटल डेस्क,जयपुर। "भारत जोड़ो यात्रा" मध्यप्रदेश से राजस्थान पंहुच चुकी है। जहां राज्य के सीएम अशोक गहलोत और सचिन पायलट ने राहुल गांधी का स्वागत किया। लेकिन इसी बीच खबर यह है कि कांग्रेस पार्टी इस यात्रा के पूरे होने से पहले ही एक नए प्लान की तैयारी में जु़ट गयी है। जिसे इस यात्रा के फॉलोअप के तौर पर देखा जा सकता है। कांग्रेस पार्टी की अगली प्लानिंग "हाथ से हाथ जोड़ो अभियान" की है। भारत जोड़ो यात्रा के पूर्ण होते ही कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी अपने नए अभियान की रूपरेखा तैयार करने में जुट जाएगें। ऐसा माना जा रहा है कि इस यात्रा का मुख्य चेहरा प्रियंका गांधी वाड्रा हो सकती हैं।
तीन स्तरों पर किया जाएगा "हाथ से हाथ जोड़ो" अभियान
रविवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने कहा," सभी सदस्यों ने सुझाव देते हुए बताया है कि भारत जोड़ो यात्रा के बाद हमारा अगला लक्ष्य क्या होगा, इस कड़ी को बनाए रखने के लिए हमें क्या करना चाहिए? उसके लिए एक विशेष अभियान को तैयार किया गया है, "हाथ से हाथ जोड़ो" अभियान, एक त्रिस्तरीय योजना के रूप में तैयार किया जाएगा। यह तीन स्तर पर होगा। सबसे पहले इस यात्रा को बूथ और ब्लॉक स्तर पर करने की तैयारी है । इस अभियान के तहत जिले स्तर पर अधिवेशन और राज्य स्तर पर रैलियां होंगी।"
महिलाओं और युवाओं पर होगा फोकस
जयराम रमेश ने यात्रा के बारे में जानकारी दी उससे साफ है कि कांग्रेस का फोकस अब
"हाथ से हाथ जोड़ो" अभियान के जरिए महिलाओं, युवा और समाज के हर वर्ग तक पार्टी को मजबूती प्रदान करना और नए लोगों को जोड़ने पर होगा। बताया जा रहा है कि राहुल गांधी भी भारत जोड़ो यात्रा के जरिए ब्लॉक और बूथ स्तर पर अपना संदेश देंगे।
कब से कब तक चलेगा अभियान
कांग्रेस नेता ने कहा कि इस नए अभियान की शुरुआत 26 जनवरी से की जाएगी और यात्रा को पूरा होने में 2 महीनों का वक्त लगेगा। पार्टी के मुताबिक, इस अभियान में कांग्रेस के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मल्लिकार्जून खड़गे, प्रियंका गांधी, वेणुगोपाल समेत कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। प्रियंका गांधी राज्यों की राजधानियों में महिला मोर्चा का नेतृत्व करेंगी।
राजस्थान के झालावाड़ में है यात्रा
फिलहाल भारत जोड़ो यात्रा को शुरू हुए 89 दिन बीत चुके है। यह यात्रा अब तक 8 राज्यों के 38 जिलों को कवर कर चुकी है। फिलहाल यात्रा राजस्थान के झालावाड़ जिले में हैं। यात्रा की आधिकारिक वेबासाइट के मुताबिक, इस पदयात्रा में अभी 1041 किलोमीटर का सफर बाकी है। यह यात्रा 3500 किमी की है।
Created On :   6 Dec 2022 3:07 PM IST