अंबेडकर पर सियासत: 'झूठ बोलना उनका आदत...', शिवराज सिंह चौहान के ट्वीट पर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह की प्रतिक्रिया

- कांग्रेस ने सोमवार को महू में की थी रैली
- शिवराज ने अबेंडकर प्रतिमा पर किया था ट्वीट
- कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह की आई प्रतिक्रिया
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के ट्वीट पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि झूठ बोलना शिवराज सिंह चौहान की आदत है। स्मारक का निर्माण बाबा साहब अंबेडकर के जन्म स्थल महू में हो यह निर्णय अर्जुन सिंह की सरकार में ले लिया गया था। भाजपा और RSS की ये आदत है कि मठ, मंदिर और संस्थाओं पर कब्जा करने के लिए और श्रेय बटोरने के लिए उन्होंने शिलान्यास कर दिया। सारा निर्माण मेरे कार्यकाल में हुआ है। मैं उन्हें चुनौती देता हूं कि अगर वे इसे गलत साबित कर दें।
जानें पूरा मामला
इससे पहले शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को सोशल मीडिया एक्स पर कहा कि आदरणीय राहुल, सुना है कि आप मध्यप्रदेश के महू आ रहे हैं। मेरा आपसे निवेदन है कि आप महू में बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर जी का स्मारक देखने अवश्य जाएं। यह कांग्रेस के द्वारा नहीं बनवाया गया है बल्कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने बनाया है।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे जी और राहुल गांधी जी आप आज महू आ रहे हैं। महू में भारतरत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की जन्मस्थली पर बने भव्य स्मारक को जरूर देखिए, जिसे भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने बनवाया है।
'कांग्रेस की सरकार आई और वहां काम रोक दिया गया'
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि साथ ही बाबा साहब के स्मारक के सामने आंखे बंद करके प्रायश्चित भी जरूर कीजिए क्योंकि आपने और आपकी पार्टी ने हमेशा बाबा साहब का अपमान किया। मध्यप्रदेश में आजादी के बाद दशकों तक कांग्रेस की सरकारें रहीं लेकिन कांग्रेस ने उनके जन्म स्थान पर न तो कोई आयोजन किया और न ही कोई स्मारक बनाने की कल्पना की। मध्यप्रदेश में जब भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी तब तत्कालीन मुख्यमंत्री स्व. सुंदर लाल पटवा जी ने महू में स्मारक का भूमि पूजन किया। इसके बाद कांग्रेस की सरकार आई और वहां काम रोक दिया गया। फिर पुनः भाजपा की सरकार आई और मैं मुख्यमंत्री बना तब हमने बाबा साहब के सम्मान में दिव्य और भव्य स्मारक का निर्माण कराया।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश में अब अंबेडकर महाकुंभ का आयोजन होता है, जिसमें बाबा साहब के हजारों अनुयायी आते हैं, जिनके रुकने, ठहरने एवं भोजन सहित अन्य समुचित व्यवस्थाओं का प्रबंध भारतीय जनता पार्टी की सरकार कर रही है।
Created On :   28 Jan 2025 12:20 AM IST