हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024: ये हैं प्रदेश की पांच सबसे हाई प्रोफाइल सीटें, जानिए दांव पर हैं किन दिग्गजों का सियासी भविष्य?

ये हैं प्रदेश की पांच सबसे हाई प्रोफाइल सीटें, जानिए दांव पर हैं किन दिग्गजों का सियासी भविष्य?
  • 5 अक्टूबर को होंगे हरियाणा में विधानसभा चुनाव
  • 8 अक्टूबर को आएंगे हरियाणा चुनाव के नतीजे
  • राज्य में कांग्रेस और बीजेपी के बीच कांटे की टक्कर

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। हरियाणा में 5 अक्टूबर को विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। जिसके लिए तैयारियां अब अंतिम चरण में है। ऐसे में सभी पार्टी की कोशिश है कि ज्यादा से मतदाता को अपने पक्ष में लाया जाए। इस बीच राज्य की 90 विधानसभा सीटों में से कुछ सीट ऐसी है, जहां कांटे का मुकाबला है। इन सीटों पर दिग्गज नेताओं के उतरने से मामला दिलचस्प हो गया है। इन हाईप्रोफाइल सीटों पर सभी की नजर बनी हुई है। ऐसे में आइए जानते हैं कि राज्य की किन सीटों पर लोगों की नजर टिकी हुई है।

अंबाला कैंट

हरियाणा की अंबाला कैंट हाईप्रोफाइल सीटों में से एक है। बीजेपी के टिकट पर यहां से अनिल विज चुनावी मैदान में हैं। यहां से अनिल विज जीत को लेकर आश्वस्त नजर आ रहे हैं। यह सीट इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि, यहां से कांग्रेस के बागी उम्मीदवार चित्रा सरवारा चुनावी मैदान में हैं। वहीं, कांग्रेस पार्टी ने इस सीट से परविंदर सिंह पारी को चुनाव लड़ने की जिम्मेदारी सौंपी है।

उचाना कलां

हरियाणा की उचाना कलां विधानसभा सीट हॉट सीट बनी हुई है। यहां से पूर्व डिप्टी सीएम और जननायक जनता पार्टी के उम्मीदवार दुष्यंत चौटाला चुनावी मैदान में हैं। पिछली बार दुष्यंत चौटाला ने पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह की पत्नी और बीजेपी उम्मदीवार प्रेमलता को 47 हजार वोटों से हराया था। हालांकि, इस चुनाव में बीरेंद्र सिंह बेटे और पूर्व बीजेपी सांसद बृजेंद्र सिंह कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं, बीजेपी से देवेंद्र अत्री चुनाव मैदान में हैं।

डबवाली

डबवाली सीट से इस बार देवीलाल परिवार के सदस्य चुनावी मैदान में हैं। देवीलाल के पड़पोते दिग्विजय चौटाला जेजेपी की टिकट पर यहां से चुनाव लड़ रहे हैं। ऐसे में यहां भी मुकाबला दिलचस्प हो गया। इसके अलावा मौजूदा विधायक और देवीलाल के भाई के पोते अमित सिहाग कांग्रेस के टिकट पर इसी सीट से चुनावी मैदान में हैं।

जुलाना

राज्य की जुलाना सीट से कुश्ती खिलाड़ी विनेश फोगाट कांग्रेस के टिकट से चुनाव लड़ रही हैं। वहीं, दूसरी तरफ बीजेपी के टिकट पर एयर इंडिया के कैप्टन योगेश बैरागी चुनावी मैदान में हैं। वहीं, जेजेपी की ओर से मौजूदा विधायक अमरजीत ढांडा चुनावी मैदान में हैं। इस सीट पर भी सभी की नजरें टिकी हुई है।

तोशाम

भिवानी की तोशाम सीट पर बंसीलाल के पोते और पोती आमने-सामने हैं। यह सीट बंसीलाल परिवार की पैतृक सीट है। यहां से बीजेपी के टिकट पर किरण चौधरी की बेटी श्रुति चौधरी चुनाव लड़ रही हैं। दूसरी ओर कांग्रेस के टिकट पर यहां से श्रुति चौधरी के ताऊ के बेटे यानी श्रुति चौधरी के भाई अनिरुद्ध चौधरी को मैदान में उतारा है।

लाडवा

कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र की लाडवा सीट इन दिनों चर्चा का केंद्र बना हुआ है। राज्य के मुख्यमंत्री नायब सैनी यहां से चुनाव लड़ रहे हैं। लडवा सीट पर उनका मुकाबला कांग्रेस के मौजूदा विधायक मेवा सिंह से है।

Created On :   2 Oct 2024 11:19 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story