शिक्षा व्यवसायीकरण: कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने कहा सरकार की जिम्मेदारी है शिक्षण संस्थानों को व्यवस्थित बनाना

- मोदी सरकार पर साधा निशाना
- कोचिंग संस्थानों में चल रही लूट चिंता का सवाल
- सरकारी शिक्षण संस्थानों को मजबूत बनाए सरकार
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने आज शनिवार को पार्टी मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में शिक्षा के व्यवसायीकरण को लेकर सरकार पर निशाना साधा। कांग्रेस नेता ने निजी कोचिंग संस्थानों में चल रही लूट पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की जिम्मेदारी है, शिक्षण संस्थाओं को व्यवस्थित करना।
कांग्रेस ने कहा देश में रोजगार दिलाने के नाम पर सिर्फ कोचिंग संस्थान बन रहे हैं, जो माता-पिता से मोटी फीस वसूलते हैं। कांग्रेस नेता ने कहा डॉक्टर-इंजीनियर बनाने का दावा करने वाले कोचिंग संस्थान आम लोगों से फीस वसूलकर गायब हो रहे हैं। देश में सरकारी व्यवस्था की हालत कमजोर है। कोचिंग संस्थानों की बाढ़ आई हुई है। उन्होंने कहा शिक्षा, बाजार और मुनाफे की वस्तु नहीं है।
कन्हैया कुमार ने कहा सरकार को शिक्षा को व्यवसाय बनने से रोकना चाहिए। कड़े नियम कानून बनाना चाहिए। कांग्रेस नेता ने कहा सरकार शिक्षण संस्थानों को मजबूत बनाए। देश में सरकार के असफल सिस्टम की जिम्मेदारी सरकार को लेनी चाहिए।
कांग्रेस नेता ने आगे कहा आज देश में हर घंटे करीब 2 छात्र और 24 घंटे यानि एक दिन में करीब 28 छात्र सुसाइड कर रहे हैं। जैसे किसान की आत्महत्या के पीछे सरकारी सिस्टम जिम्मेदार है, वैसे ही छात्र आत्महत्या के पीछे भी सिस्टम दोषी है। सिस्टम छात्रों को प्रेशर कुकर बना रहा है और उन्हें रोज सपने बेचे जा रहे हैं। सीट कितनी है, पारदर्शी रूप से परीक्षा कैसे होगी, रोजगार के अवसर कितने बनेंगे- इस पर चर्चा नहीं होती है। सरकार और बाजार के बीच में देश के स्टूडेंट और नागरिक पिस रहे हैं।
Created On :   15 Feb 2025 5:02 PM IST