बीजेपी का विरोध प्रदर्शन: झारखंड में अनिल टाइगर की हत्या का विरोध, रास्ते बंद, टायर जले, स्कूलों की छुट्टी, विधानसभा के बाहर बीजेपी का जोरदार प्रदर्शन

- झारखंड में विरोध प्रदर्शन
- बीजेपी नेताओं ने कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल
- कार्यकर्ताओं ने दुकानें करवाईं खाली
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। झारखंड की राजधानी रांची में भारतीय जनता पार्टी नेता अनिल महतो टाइगर की हत्या के बाद गुरुवार (27 मार्च) को विरोध में झारखंड बंद है। वहीं, नेता प्रतिपक्ष और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी विधानसभा के बाहर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। बीजेपी नेता चंपई सोरेन समेत भाजपा के अन्य नेताओं ने भी इस प्रोटेस्ट में हिस्सा लिया है। झारखंड में खराब कानून व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए जा रहे हैं। इसी के साथ आरोपियों को सूली पर भी चढ़ाने की मांग हो रही है।
हाथों में बैनर लिए जोरदार प्रदर्शन
बीजेपी के नेताओं ने अपने-अपने हाथों मे बैनर लिए जोरदार प्रदर्शन किया। जिसमें लिखा था- 'हेमंत सोरेन की सरकार हत्यारी सरकार', 'झारखंड में हत्या का सिलसिला कब खत्म होगा?', 'अनिल टाइगर के हत्यारों को अविलंब फांसी दो'। साथ ही, नेताओं ने 'हेमंत सोरेन हाय हाय' के खूब नारे लगाए।
कानून व्यवस्था पर चंपई सोरेन का सवाल
भाजपा नेता चंपई सोरेन ने कहा कि हर दिन लूट, डकैती और हत्या की घटनाएं हो रही हैं। यह जंगल राज है। यहां (झारखंड में) कानून-व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं रह गई है।
रांची में रास्ते बंद
बीजेपी नेता अनिल टाइगर की हत्या के विरोध में आज रांची में रास्ते बंद हैं। स्कूलों की भी छुट्टी कर दी गई है। बीजेपी के कार्यकर्ता बीजेपी का झंडा लिए प्रदर्शन कर रहे हैं। टायर जलाकर भी प्रोटेस्ट किया जा रहा है। वहीं, भाजपा कार्यकर्ताओं ने कुछ इलाकों में दुकानों को भी बंद करवा दिया है। सुरक्षा व्यवस्था के भी तमाम इंतजाम किए गए हैं ताकि माहौल बिगड़े नहीं। पुलिस ने कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में भी लिया है।
कैसे हुई बीजेपी नेता की हत्या
रांची में बुधवार (26 मार्च) को बीजेपी नेता अनिल टाइगर की गोली मार कर हत्या कर दी। जानकारी के मुताबिक, अज्ञात लोग बाइक पर बैठ कर आए और फायरिंग करनी शुरू कर दी। जिसके चलते अनिल टाइगर की मौत हो गई। गोली चलाने के बाद आरोपी फरार हो गए। बता दें कि, पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ के बाद अरेस्ट कर लिया है।
Created On :   27 March 2025 2:27 PM IST