लुधियाना पश्चिम विधानसभा उपचुनाव: AAP ने राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा को बनाया उम्मीदवार, अब कांग्रेस और बीजेपी के नेताओं ने केजरीवाल और सीएम भगवंत मान को घेरा

- AAP ने संजीव अरोड़ा को बनाया उम्मीदवार
- अब कांग्रेस और बीजेपी के नेताओं ने केजरीवाल को घेरा
- कांग्रेस सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने आप को घेरा
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पंजाब में लुधियाना पश्चिम विधानसभा उपचुनाव के लिए आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा को उम्मीदवार बनाया है। इसके बाद बीजेपी और कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अरोड़ा के इस्तीफा देने के बाद पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल राज्यसभा जाएंगे। इसके बाद आप ने इन दावों को खारिज कर दिया। कांग्रेस सांसद ने कहा- केजरीवाल अंडरकवर मुख्यमंत्री बनकर काम करेंगे। वहीं, बीजेपी नेता और केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने भी केजरीवाल पर जमकर हमला बोला।
कांग्रेस सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा का बयान
कांग्रेस सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने भी केजरीवाल पर हमला बोला। उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया- अरविंद केजरीवाल द्वारा बनाएं गए प्लान के अनुसार काम शुरू होने लग गया है। यदि केजरीवाल राज्यसभा मेंबर बनेंगे तो वह अंडरकवर मुख्यमंत्री बनकर पंजाब को कंट्रोल करेंगे। चेहार भगवंत मान का होगा, लेकिन कंट्रोल केजरीवाल का रहेगा। इसके बाद दिल्लीवाले ऐसे हालात बना देंगे कि भगवंत मान साहब को किसी बहाने से हटा दिया जाएगा। इसके बाद केजरीवाल खुद मुख्यमंत्री बन जाएंगे।
केद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू का बयान
वहीं, केद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा- हम बार-बार कह रहे थे कि ये आदमी (अरविंद केजरीवाल) सत्ता के बिना नहीं रह सकता। अगर संजीव अरोड़ा विधायक की सीट जीत जाते हैं तो वे सांसद और विधायक दोनों ही पद नहीं रख सकते। अगर हार जाते हैं तो ये उनसे कहेंगे कि आप विधायक की सीट हार गए, हम आपको सब सांसद की सीट क्यों दें, चित और पट दोनों अरविंद केजरीवाल के हाथ में हैं। अभी तो चुनाव की घोषणा भी नहीं हुई है, फिर भी हो सकता है कि पहले ही संजीव अरोड़ा का इस्तीफा (राज्यसभा से) ले लिया जाए ताकि केजरीवाल सांसद बन जाए।
Created On :   26 Feb 2025 8:32 PM IST