रक्षा: नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तान ने की गोलीबारी, सेना ने दिया मुंहतोड़ जवाब

नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तान ने की गोलीबारी, सेना ने दिया मुंहतोड़ जवाब
भारत पाकिस्तान नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी हुई है। नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तान ने गोलीबारी की है। शुक्रवार को यह गोलीबारी पाकिस्तान की ओर से शुरू की गई। भारतीय सेना ने इस गोलीबारी का माकूल जवाब दिया है। सेना के मुताबिक, गोलीबारी की इस घटना में भारतीय क्षेत्र में जान-माल का कोई नुकसान नहीं हुआ है।

नई दिल्ली, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत पाकिस्तान नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी हुई है। नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तान ने गोलीबारी की है। शुक्रवार को यह गोलीबारी पाकिस्तान की ओर से शुरू की गई। भारतीय सेना ने इस गोलीबारी का माकूल जवाब दिया है। सेना के मुताबिक, गोलीबारी की इस घटना में भारतीय क्षेत्र में जान-माल का कोई नुकसान नहीं हुआ है।

गौरतलब है कि शुक्रवार को भारतीय सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी जम्मू-कश्मीर का दौरा कर रहे हैं। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के मद्देनजर आर्मी चीफ का यह दौरा काफी अहम है। भारतीय सेना प्रमुख यहां सुरक्षा स्थिति की समीक्षा करेंगे। वह शुक्रवार को श्रीनगर व अन्य स्थानों का दौरा करेंगे।

वहीं, इस गोलीबारी की पुष्टि करते हुए सेना ने बताया, “जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर कुछ स्थानों पर पाकिस्तान द्वारा छोटे हथियारों से गोलीबारी की गई। सेना का कहना है कि तुरंत इसका प्रभावी ढंग से जवाब दिया गया। इस गोलीबारी में कोई हताहत नहीं हुआ। फिलहाल इस मामले की विस्तृत जानकारी प्राप्त की जा रही है।”

गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादियों ने मंगलवार को पर्यटकों पर गोलियां बरसाई थीं। इस आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत हुई है। मरने वालों में दो सैन्य अधिकारी भी शामिल थे। ये सैन्य अधिकारी अपने परिवार के साथ छुट्टियां बिताने जम्मू-कश्मीर गए थे। आतंकवादियों ने यहां पहलगाम में पर्यटकों का नाम पूछ-पूछकर उन पर गोलियां चलाईं। आतंकवादी हमले के बाद जम्मू-कश्मीर में सेना ने आतंकवादियों के खिलाफ सघन अभियान चला रखा है। सेना और सुरक्षाबलों ने संदिग्ध स्थानों की घेराबंदी कर रखी है। सेना और अन्य सुरक्षा बल हेलीकॉप्टर के जरिए भी संदिग्ध इलाके की निगरानी कर रहे हैं।

पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद केंद्र सरकार ने कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। इन निर्णयों में सिंधु जल समझौते को स्थगित करना भी शामिल है। इस निर्णय का प्रभाव यह होगा कि भारत से होकर गुजरने वाली नदियों से पाकिस्तान को मिलने वाले जल की आपूर्ति रोक दी जाएगी। भारत के इस सख्त रुख से पाकिस्तान तिलमिलाया हुआ है।

दरअसल, पाकिस्तान के एक बड़े हिस्से को सिंचाई और पेयजल की आपूर्ति इसी पानी से होती है। भारत का कहना है कि पाकिस्तान जब तक आतंकवाद को बढ़ावा देना बंद नहीं करता, तब तक सिंधु जल समझौते को स्थगित रखा जाएगा। वहीं दूसरी ओर, भारत ने अपनी सैन्य क्षमता का भी प्रदर्शन किया है। जम्मू-कश्मीर स्थित पहलगाम में हुए आतंकी हमले के 48 घंटे के भीतर ही भारत ने अपने शत्रुओं को एक सख्त संदेश देते हुए गुरुवार को एक महत्वपूर्ण मिसाइल परीक्षण भी किया है। यह मिसाइल परीक्षण भारतीय नौसेना ने अपने डिस्ट्रॉयर युद्धपोत आईएनएस सूरत पर अरब सागर में किया। नौसेना ने मध्यम दूरी की सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल दागी है।

--आईएएनएस

जीसीबी/एएस

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   25 April 2025 10:32 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story