राजनीति: पंजाब पुलिस का 'ऑपरेशन सतर्क', रातभर चला सघन चेकिंग अभियान

पंजाब पुलिस का ऑपरेशन सतर्क, रातभर चला सघन चेकिंग अभियान
पंजाब पुलिस ने राज्यभर में अपराधों पर अंकुश लगाने और जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए शनिवार को 'ऑपरेशन सतर्क' के तहत रातभर विशेष अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान रात 9 बजे से सुबह 4 बजे तक पूरे पंजाब में नाकाबंदी कर सघन चेकिंग की गई।

मोगा, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। पंजाब पुलिस ने राज्यभर में अपराधों पर अंकुश लगाने और जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए शनिवार को 'ऑपरेशन सतर्क' के तहत रातभर विशेष अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान रात 9 बजे से सुबह 4 बजे तक पूरे पंजाब में नाकाबंदी कर सघन चेकिंग की गई।

मोगा जिले में भी इस ऑपरेशन को भारी पुलिस बल के साथ प्रभावी ढंग से लागू किया गया। डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल (डीआईजी) अश्वनी कपूर और सीनियर सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस (एसएसपी) अजय गांधी ने स्वयं नाकों का दौरा कर अभियान की निगरानी की। इस दौरान सभी आने-जाने वाले लोगों और वाहनों की बारीकी से जांच की गई।

डीआईजी अश्वनी कपूर ने बताया कि इस विशेष अभियान में सभी कर्मचारी पंजाब पुलिस के हैं और यह ऑपरेशन रात 10 बजे से सुबह 4 बजे तक प्रभावी रहा। उन्होंने कहा, "आम तौर पर रात में छापेमारी और चेकिंग नियमित रूप से की जाती है, लेकिन 'ऑपरेशन सतर्क' के तहत आज सभी वरिष्ठ अधिकारी व्यक्तिगत रूप से नाकों पर मौजूद रहे और जांच प्रक्रिया की निगरानी की। हमारा उद्देश्य अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और समाज में सुरक्षा का माहौल बनाना है।"

मोगा जिले में इस अभियान के दौरान पुलिस ने सभी प्रमुख सड़कों और चौराहों पर नाके लगाए। अधिकारियों ने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहन तलाशी ली। इस दौरान अवैध गतिविधियों, नशीले पदार्थों की तस्करी और हथियारों की आवाजाही पर विशेष ध्यान दिया गया।

एसएसपी अजय गांधी ने बताया कि मोगा में इस अभियान को पूरी सतर्कता और समन्वय के साथ लागू किया गया। उन्होंने कहा, "हमारी प्राथमिकता जनता की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना है। इस तरह के अभियान अपराधियों में डर पैदा करते हैं और समाज में विश्वास बढ़ाते हैं।"

पंजाब पुलिस का यह अभियान न केवल अपराध नियंत्रण के लिए बल्कि आम लोगों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करने के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना की और कहा कि रात के समय इस तरह की सघन चेकिंग से असामाजिक तत्वों पर नकेल कसी जा सकती है।

'ऑपरेशन सतर्क' के तहत पंजाब पुलिस ने न केवल मोगा बल्कि लुधियाना, जालंधर, अमृतसर, पटियाला और अन्य प्रमुख शहरों में भी चेकिंग की। अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के अभियान भविष्य में भी समय-समय पर आयोजित किए जाएंगे ताकि अपराध पर लगाम लगाई जा सके और पंजाब में शांति व सुरक्षा का माहौल बना रहे।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   12 April 2025 9:58 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story