राजनीति: परिवार वंदन का क्या नतीजा होता है, कांग्रेस इसका उदाहरण अमित शाह

परिवार वंदन का क्या नतीजा होता है, कांग्रेस इसका उदाहरण  अमित शाह
दिल्ली विधानसभा चुनाव में एक भी सीट जीतने में विफल रही कांग्रेस पार्टी पर गृह मंत्री अमित शाह ने तीखा हमला बोला है।

नई दिल्ली, 9 फरवरी (आईएएनएस)। दिल्ली विधानसभा चुनाव में एक भी सीट जीतने में विफल रही कांग्रेस पार्टी पर गृह मंत्री अमित शाह ने तीखा हमला बोला है।

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "एक पार्टी जब परिवार वंदन में लग जाए, तब उसकी क्या दुर्दशा होती है, इसका सबसे बड़ा उदाहरण कांग्रेस है। जिस दिल्ली में आज से एक दशक पहले कांग्रेस की 15 साल सरकार रही, वहां 2014 के बाद हुए 6 चुनावों में कांग्रेस का खाता भी नहीं खुला है। इस विधानसभा चुनाव में 70 में से 67 सीटों पर कांग्रेस की जमानत जब्त हो गई है। राहुल गांधी के नेतृत्व वाली कांग्रेस को अगर कहीं स्थायित्व मिला है, तो वह शून्य (0) में मिला है। यह एक परिवार की सेवा में समर्पित कांग्रेस की देशभर में स्थिति को दर्शाता है।"

70 सदस्यीय दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा को 48 सीटों पर जीती मिली है, जबकि आप को 22 सीटें मिली हैं। कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिली है।

इससे पहले, दिल्ली विधानसभा चुनाव परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि वह दिल्ली की जनता जनादेश को विनम्रतापूर्वक स्वीकार करते हैं।

कांग्रेस नेता ने एक्स पर लिखा, "दिल्ली का जनादेश हम विनम्रता से स्वीकार करते हैं। प्रदेश के सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को उनके समर्पण और सभी मतदाताओं को उनके समर्थन के लिए दिल से धन्यवाद। प्रदूषण, महंगाई और भ्रष्टाचार के विरुद्ध दिल्ली की प्रगति और दिल्लीवासियों के अधिकारों की यह लड़ाई जारी रहेगी।"

दिल्ली कांग्रेस प्रमुख देवेंद्र यादव ने भी चुनाव परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे इस बात का स्पष्ट संकेत हैं कि दिल्ली की जनता ने अरविंद केजरीवाल की झूठ और छल की राजनीति को नकार दिया है। हम अपनी कमियों और गलतियों की समीक्षा करेंगे और दिल्ली की जनता की सेवा करते रहेंगे। हम हर पल दिल्ली की जनता के साथ खड़े रहेंगे। जनता का जनादेश सर्वोच्च है।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   9 Feb 2025 12:01 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story