राष्ट्रीय: बहनों की तरफ से पीएम मोदी को 'जावा' दिया आरती कुजूर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को झारखंड दौरे पर रहे। जहां उन्होंने जमशेदपुर में कई परियोजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण किया। वहीं, रांची पहुंचने पर पीएम मोदी का भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश उपाध्यक्ष आरती कुजूर ने करमा पर्व के प्रतीक 'जावा' से स्वागत किया।

नई दिल्ली, 15 सितंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को झारखंड दौरे पर रहे। जहां उन्होंने जमशेदपुर में कई परियोजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण किया। वहीं, रांची पहुंचने पर पीएम मोदी का भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश उपाध्यक्ष आरती कुजूर ने करमा पर्व के प्रतीक 'जावा' से स्वागत किया।

पीएम मोदी के कान पर जावा लगाने वाली आरती कुजूर ने आईएएनएस से खास बातचीत की। उन्होंने बताया कि पीएम मोदी ने उनसे क्या बातचीत की और झारखंड के करमा पर्व के बारे में भी जाना।

उन्होंने कहा कि झारखंड भगवान बिरसा मुंडा और वीरों की धरती है। हम प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करते हैं और आज उनका रांची एयरपोर्ट पर स्वागत करने का अवसर मिला। 14 सितंबर को भाद्रपद एकादशी पर झारखंड का महापर्व करमा का त्योहार था और रात में पूजा हुई थी, ऐसे अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी झारखंड आए। करमा पर्व भाई-बहन का त्योहार है, बहन-भाई दोनों एक-दूसरे के लिए उपवास करते हैं, साथ ही दीर्घायु, स्वास्थ्य और सफलता की कामना करते हैं।

उन्होंने बताया कि रोपा के बाद फसल आने का समय है तो हम ईश्वर से अच्छी फसल की भी कामना करते हैं। यह करमा का त्योहार है और इस त्योहार में मुझे जावा देने का सौभाग्य मिला।

आरती कुजूर ने आगे बताया कि बहुत सारी चीजें एयरपोर्ट लेकर गए थे, पहले सिक्योरिटी और स्थानीय प्रशासन ने ले जाने से मना कर दिया। लेकिन, जब हमने कहा कि यह जावा पूजा का है। इसके बाद उन्होंने इसे लाने की अनुमति दी। जब मैंने प्रधानमंत्री मोदी को जावा दिया तो उन्होंने इसके महत्व के बारे में पूछा। मैंने पीएम मोदी को करमा त्योहार, जावा के बारे में सारी चीजें बताई। वो खुश हुए और उन्होंने पूछा किसे देते है तो मैंने कहा कि जावा बहनें अपने भाइयों को देती हैं। मैंने उनसे कहा कि इसे हाथ में नहीं पकड़ते हैं। भाइयों के कान पर लगाने की परंपरा है तो मैंने उन्हें दिया तो सचमुच में यहां के त्योहार-परंपरा को जानकर बहुत खुश हुए। मैंने कहा भी कि इतनी बहनों के लिए जो आप काम कर रहे हैं तो सब बहनों की तरफ से ईश्वर से यह प्रार्थना है, झारखंड की सभी बहनों का यह आशीर्वाद है कि आप स्वस्थ रहें सुरक्षित रहें और ऐसे ही काम करते रहें।

आखिर में उन्होंने बताया कि पीएम मोदी ने झारखंड की परंपरा के बारे में जाना और खुशी जताते हुए कहा कि आप सभी बहनों की प्यार की बदौलत यह सभी काम कर पाता हूं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   15 Sept 2024 10:56 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story