Breaking News: आज की बड़ी खबरें 29 जनवरी 2025 हिंदी न्यूज़ लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें
Live Updates
- 29 Jan 2025 4:15 PM IST
शेयर बाजार एक साथ दूसरे दिन हरे निशान पर हुआ बंद
भारतीय शेयर बाजार बुधवार के कारोबारी सत्र में हरे निशान में बंद हुआ। बाजार में चौतरफा खरीदारी देखी गई। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 631.55 अंक या 0.83 प्रतिशत की तेजी के साथ 76,532.96 और निफ्टी 205.85 अंक या 0.90 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,163.10 पर बंद हुआ।
- 29 Jan 2025 4:07 PM IST
बीड और परभणी हिंसा को लेकर सुप्रिया सुले का बयान आया सामने
एनसीपी (एसपी) सांसद सुप्रिया सुले ने बीड और परभणी हिंसा समेत राज्य के तमाम मुद्दों को लेकर महाराष्ट्र सरकार पर हमला बोला है। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि सरकार इसे लेकर गंभीर नहीं है। सुले ने प्रयागराज में हुई भगदड़ पर भी दुख जताया।
- 29 Jan 2025 3:58 PM IST
गौतम अडाणी ने महाकुंभ भगदड़ पर जताया दुख, मदद करने का दिलाया भरोसा
महाकुंभ हादसे पर अडाणी समूह के चेयरमैन गौतम अडाणी ने दुख जताया है। उन्होंने बताया कि अदाणी समूह, मेला प्रशासन और राज्य सरकार के साथ मिलकर प्रभावित परिवारों की हर संभव सहायता करने के लिए प्रतिबद्ध है।
- 29 Jan 2025 3:45 PM IST
महाकुंभ से होटल और एयरलाइन इंडस्ट्री को हो रहा भारी फायदा
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ मेले से होटल और एयरलाइन इंडस्ट्री को बड़ा बूस्ट मिल रहा है। यह टाटा समूह की कंपनी इंडियन होटल्स की सहायक कंपनी बनारस होटल्स जैसी कंपनियों की शेयर कीमतों में वृद्धि में भी दिख रहा है।
- 29 Jan 2025 3:29 PM IST
महाकुंभ भगदड़: स्वामी अवधेशानंद गिरि की प्रतिक्रिया
अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज ने कहा कि हम अमृत स्नान के लिए जा रहे हैं। यह भारत के उत्थान के लिए एकता का महाकुंभ है, सामाजिक समरसता का महाकुंभ है। हमें यह लगा कि हमारे कारण जनसामान्य को कष्ट न हो इसलिए हमने प्रातः काल अपना स्नान स्थगित कर दिया था, अब स्थिति सामान्य लग रही है इसलिए हम स्नान के लिए जा रहे हैं।
- 29 Jan 2025 3:21 PM IST
देशी-विदेशी तड़के के साथ लीजेंड 90 लीग में भिड़ंत को तैयार सभी टीमें
6 से 18 फरवरी तक रायपुर में होने वाली लीजेंड 90 लीग ने टूर्नामेंट की शुरुआत से पहले सभी फ्रेंचाइजी टीमों की घोषणा कर दी है। लीग में पूर्व भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह, शिखर धवन, सुरेश रैना, न्यूजीलैंड के बल्लेबाज रॉस टेलर, पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान आरोन फिंच जैसे कई दिग्गज एक बार फिर मैदान पर जलवा बिखेरते नजर आएंगे।
- 29 Jan 2025 3:15 PM IST
प्रयागराज भगदड़ पर बोले संजय राउत, 'यह प्रशासनिक हत्या है'
शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत ने बुधवार को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में महाकुंभ में मची भगदड़ के बाद प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। संजय राउत ने बुधवार को कहा कि वीवीआईपी पहुंचते हैं, तो पूरे घाट को बंद कर दिया जाता है। रक्षा मंत्री और गृह मंत्री गए थे, तो पूरे घाट को बंद कर दिया गया। इससे व्यवस्था के ऊपर दबाव बढ़ा, जिसके कारण यह भगदड़ मची। उन्होंने कहा, "इस भगदड़ में 10 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। यह प्रशासन द्वारा की गई हत्या है।"
- 29 Jan 2025 3:07 PM IST
त्रिवेणी संगम में आज कितने लोगों ने लगाई डुबकी?
आज दोपहर 12 बजे तक करीब 4.24 करोड़ श्रद्धालुओं ने पावन डुबकी लगाई है। आज तक पावन डुबकी लगाने वाले श्रद्धालुओं की कुल संख्या 20 करोड़ को पार कर गई है।
- 29 Jan 2025 3:00 PM IST
केजरीवाल का नामांकन रद्द होना चाहिए- परवेश वर्मा की मांग
नई दिल्ली विधानसभा से बीजेपी उम्मीदवार परवेश वर्मा ने केजरीवाल का नॉमिनेशन रद्द करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने बयान दिया कि हरियाणा ने पानी में जहर मिला दिया, यह आपस में दो राज्यों को लड़ाने की बात है, उन्होंने बहुत बड़ा अपराध किया है। चुनाव आयोग ने उन्हें 8 बजे तक का समय दिया है, अगर वे कोई भी संतोषजनक जवाब नहीं दे पाते हैं तो उनका नामांकन रद्द किया जाना चाहिए।
- 29 Jan 2025 2:46 PM IST
मध्य प्रदेश में जापान की कंपनियां नई तकनीक के साथ करेंगी निवेश- बोले मोहन यादव
मध्य प्रदेश में अगले माह होने वाली ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट के लिए निवेशकों को आमंत्रित करने के अभियान में लगे मुख्यमंत्री मोहन यादव इन दिनों जापान प्रवास पर हैं। उन्होंने कहा है कि जापान की कंपनियां नई तकनीक के साथ राज्य में निवेश करेंगी।
Created On :   29 Jan 2025 8:16 AM IST