Breaking News: आज की बड़ी खबरें 21 मार्च 2025 हिंदी न्यूज लाइव

आज की बड़ी खबरें 21 मार्च 2025 हिंदी न्यूज लाइव
21 मार्च 2025 दैनिक भास्कर में आज की ताजा बड़ी खबरें, दुनिया, देश, राजनीति, खेल, मनोरंजन, व्यापार, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, जुर्म, जीवन शैली एवं राशिफल की हिंदी न्यूज़ पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें

Live Updates

  • 21 March 2025 9:35 PM IST

    अमृत उद्यान में 'पर्पल फेस्ट' का आयोजन, राष्ट्रपति मुर्मू शामिल

    राष्ट्रपति भवन के अमृत उद्यान में शुक्रवार को एक दिवसीय 'पर्पल फेस्ट' का आयोजन किया गया है। इस फेस्ट का आयोजन दिव्यांगजनों की प्रतिभा, उपलब्धियों और आकांक्षाओं का जश्न मनाने के लिए किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने फेस्ट का दौरा किया और दिव्यांगजनों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों को देखा। इस दौरान अपने संक्षिप्त संबोधन में राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि वंचित वर्ग के प्रति संवेदनशीलता ही किसी देश या समाज की प्रतिष्ठा निर्धारित करती है। करुणा, समावेशिता और सद्भावना हमारी संस्कृति और सभ्यता के मूल्य रहे हैं। हमारे संविधान की प्रस्तावना में सामाजिक न्याय, समान दर्जे और व्यक्ति की गरिमा की बात कही गई है। उन्हें यह जानकर खुशी हुई कि भारत सरकार सुगम्य भारत अभियान के माध्यम से दिव्यांगजनों को सशक्त बनाने और उनकी समान भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास कर रही है।

  • 21 March 2025 9:16 PM IST

    वक्फ बोर्ड के अवैध कब्जे पर महाराष्ट्र सरकार सख्त, कार्रवाई का ऐलान

    महाराष्ट्र सरकार ने शुक्रवार को विधानसभा में वक्फ बोर्ड द्वारा अवैध तरीके से कब्जा की गई जमीनों के खिलाफ कार्रवाई का ऐलान किया है। सरकार ने स्पष्ट रूप से कहा कि आम लोगों, किसानों और देवस्थानों की ज़मीन को वक्फ बोर्ड के कब्जे से मुक्त कराया जाए। प्रदेश सरकार के इस ऐलान के बाद वक्फ बोर्ड में हड़कंप मच गया है।

  • 21 March 2025 9:01 PM IST

    आम आदमी पार्टी ने किया बड़ा संगठनात्मक बदलाव, नेताओं ने जताई खुशी

    आम आदमी पार्टी (आप) ने 21 मार्च को महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए पूर्व विधायक सौरभ भारद्वाज को दिल्ली का पार्टी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। वह अब तक इस पद पर कार्यरत रहे पूर्व मंत्री गोपाल राय की जगह लेंगे। गोपाल राय को पार्टी ने गुजरात का प्रभारी बनाया है।

  • 21 March 2025 8:44 PM IST

    लगातार प्रदर्शन से बाध‍ित होता है व‍िकास श्याम सिंह राणा

    हरियाणा सरकार के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने शंभू बॉर्डर और खानोरी बॉर्डर से किसानों को हटाए जाने को लेकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि धरने पर बैठे किसान पंजाब के किसान थे, जो लंबे समय से वहां पर बैठे हुए थे। जिस प्रदेश में ज्यादा प्रदर्शन होंगे, वो एरिया पिछड़ेगा। प्रदर्शन का अधिकार सबको है, लेकिन अगर आप लगातार प्रदर्शन करेंगे, तो प्रदेश का विकास बाधि‍त होगा। वहां की इंडस्ट्री शिफ्ट कर जाएगी। जब प्रदेश का विकास रुकता है, तो यह सभी के लिए नुकसानदायक होता है। यह किसी एक राज्य के लिए नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए हानिकारक है।

  • 21 March 2025 8:30 PM IST

    हरियाणा सिरसा पुलिस ने 25 करोड़ की हेरोइन के साथ दो लोगों को किया गिरफ्तार

    हरियाणा में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में शुक्रवार को सिरसा पुलिस ने 4.256 किलोग्राम हेरोइन बरामद की और इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के कब्जे से एक कार भी बरामद की गई है। जब्त की गई हेरोइन की कीमत लगभग 25 करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश कर रही है।

  • 21 March 2025 8:13 PM IST

    झारखंड के चतरा में महिला और जुड़वा बच्चों की रहस्यमय स्थितियों में जलने से मौत

    झारखंड के चतरा जिला अंतर्गत प्रतापपुर थाना क्षेत्र के करिहारा गांव में 22 वर्षीय महिला शिवी देवी और उसके जुड़वा बच्चों की रहस्यमय परिस्थितियों में जलने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। तीनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। पुलिस मामले की तहकीकात में जुड़ी है।

  • 21 March 2025 7:58 PM IST

    समाज में भाईचारे और शिक्षा की जरूरत, नफरत की नहीं ओपी राजभर

    उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने शुक्रवार को अपने विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में जाकर लोगों से मुलाकात की। उन्होंने स्थानीय मुद्दों और मीडिया के सवालों पर बेबाकी से अपनी बात रखी। ओमप्रकाश राजभर ने बरेली के मौलाना शहाबुद्दीन रिजवी द्वारा की गई उस विवादित टिप्पणी पर तीखा जवाब दिया, जिसमें उन्होंने 'छावा' फिल्म को लेकर कहा था कि मूवी को देखकर नौजवान आक्रोशित हो रहे हैं, जिसके कारण नागपुर में दंगा हुआ।

  • 21 March 2025 7:47 PM IST

    जॉन पैरी, डेनियल हिलियर ने इंडियन ओपन गोल्फ में भाग लेने की पुष्टि की

    इंग्लैंड के जॉन पैरी और न्यूजीलैंड के डेनियल हिलियर की फॉर्म में चल रही जोड़ी ने 27 से 30 मार्च तक डीएलएफ गोल्फ एंड कंट्री क्लब में आयोजित होने वाले इंडियन ओपन के 2025 संस्करण के लिए अपनी प्रविष्टि की पुष्टि की है। डीपी वर्ल्ड टूर और इंडियन गोल्फ यूनियन द्वारा स्वीकृत इंडियन ओपन में करीब 30 देशों के कुल 138 खिलाड़ी भाग लेंगे, जो अगले सप्ताह 2.25 मिलियन अमेरिकी डॉलर की पुरस्कार राशि के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगे।

  • 21 March 2025 7:36 PM IST

    उत्तर कोरिया ने किया सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल का सफल परीक्षण

    उत्तर कोरिया ने अपने नवीनतम सतह से हवा में मार करने वाले मिसाइल सिस्टम का सफलतापूर्वक परीक्षण किया है। सरकारी मीडिया ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी (केसीएनए) के अनुसार, उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग-उन ने पिछले दिन एंटी एयरक्राफ्ट मिसाइल सिस्टम के प्रक्षेपण की निगरानी की, जिसका हाल ही में पूर्ण पैमाने पर उत्पादन शुरू किया गया है।

  • 21 March 2025 7:28 PM IST

    इंडोनेशिया माउंट लेवोटोबी में विस्फोट, 8,000 मीटर ऊंचाई तक फैली राख

    इंडोनेशिया के पूर्वी नुसा तेंगारा प्रांत में स्थित माउंट लेवोटोबी में विस्फोट हुआ। इसके बाद ज्वालामुखी विज्ञान और भूगर्भीय आपदा न्यूनीकरण केंद्र ने अलर्ट की स्थिति को उच्चतम स्तर तक बढ़ा दिया। गुरुवार को आधी रात से पहले हुए विस्फोट से 8,000 मीटर तक की ऊंचाई तक राख फैल गई। काले बादल क्रेटर (ज्वालामुखी के शीर्ष पर एक गड्ढा) के दक्षिण-पश्चिम और पश्चिम में फैल गए। शुक्रवार की सुबह तक जोरदार विस्फोट जारी रहा और राख का एक स्तंभ 2,500 मीटर तक पहुंच गया। घने काले बादल ज्वालामुखी से पश्चिम की ओर बढ़ गए।

Created On :   21 March 2025 8:00 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story