Breaking News: आज की बड़ी खबरें 21 मार्च 2025 हिंदी न्यूज लाइव

आज की बड़ी खबरें 21 मार्च 2025 हिंदी न्यूज लाइव
21 मार्च 2025 दैनिक भास्कर में आज की ताजा बड़ी खबरें, दुनिया, देश, राजनीति, खेल, मनोरंजन, व्यापार, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, जुर्म, जीवन शैली एवं राशिफल की हिंदी न्यूज़ पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें

Live Updates

  • 22 March 2025 1:04 AM IST

    आलमबाग बस स्टैंड से महिला का अपहरण और हत्या, पुलिस मुठभेड़ में मुख्य आरोपी ढेर

    आलमबाग बस स्टैंड से एक महिला का अपरहण कर उसकी हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस मुठभेड़ में एक आरोपी मारा गया, जबक‍ि दूसरे को गिरफ्तार कर ल‍िया गया। महिला का आलमबाग बस स्टैंड से अपहरण कर लिया गया था और बाद में उसकी हत्या कर शव को आम के बाग में फेंक दिया गया था। महिला की हत्या के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था। इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सबसे पहले आरोपी दिनेश को गिरफ्तार किया, लेकिन मुख्य आरोपी अजय पुलिस की पकड़ से बाहर था। इसके बाद पुलिस ने अजय की तलाश तेज कर दी और उसे गिरफ्तार करने के लिए जगह-जगह दबिश डालनी शुरू कर दी।

  • 22 March 2025 12:51 AM IST

    भगवंत मान सरकार का बजट पंजाब की उम्मीदों पर उतरेगा खड़ा - लाल चंद कटारूचक

    पंजाब सरकार में मंत्री लाल चंद कटारूचक ने दावा किया है कि पंजाब सरकार का आने वाला बजट पंजाब की उम्मीदों पर खड़ा उतरेगा। दरअसल, शुक्रवार से पंजाब विधानसभा में बजट सत्र की शुरुआत हुई है। पहले दिन राज्यपाल का अभिभाषण हुआ। मीडिया से बातचीत के दौरान पंजाब सरकार में मंत्री लाल चंद कटारूचक ने कहा कि प्रदेश की भगवंत मान सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य सहित अन्य क्षेत्रों में शानदार काम किया है। सरकार के कामों पर जनता ने भरोसा दिखाया है। आज बजट सत्र में राज्यपाल ने भी अपने अभिभाषण में इस बात को दोहराया है। मैं समझता हूं कि अभी बजट सत्र पर चर्चा हो रही है। जब इसे विधानसभा में पेश किया जाएगा तो यकीनन इसमें कुछ ऐतिहासिक फैसले लिए जाएंगे।

  • 22 March 2025 12:31 AM IST

    स्पिन गेंदबाजों को लेकर भज्जी की दो टूक

    पूर्व भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह ने टूर्नामेंट के इस सीजन में शामिल स्पिनरों को लेकर एक बड़ा बयान दे डाला है। पूर्व दिग्गज स्पिनर ने कहा, "मुझे यह कहते हुए दुख हो रहा है कि टी20 या आईपीएल में कई स्पिनर तेज गेंदबाजों की तरह गेंदबाजी कर रहे हैं। वे गेंद को स्पिन नहीं करा रहे हैं। वे आक्रमण नहीं कर रहे हैं और विकेट लेने का इरादा नहीं रखते हैं। स्पिनरों को थोड़ा और साहसी होने की जरूरत है, जोखिम उठाने की जरूरत है। उन्हें गेंद को स्पिन कराने, उसे फ्लाइट कराने, जोखिम उठाने और मैच में बने रहने की जरूरत है।"

  • 22 March 2025 12:21 AM IST

    कांग्रेस सांसद नसीर हुसैन ने कर्नाटक में अल्पसंख्यकों को चार फीसदी आरक्षण का किया समर्थन

    कर्नाटक में अल्पसंख्यकों के लिए चार प्रतिशत आरक्षण, भारतीय जनता पार्टी द्वारा संसद में निलंबित किए गए सांसदों का मुद्दा और वक्फ बोर्ड संशोधन विधेयक पर कांग्रेस सांसद सैयद नसीर हुसैन ने खुलकर अपनी राय रखी। उन्होंने कर्नाटक में सरकारी ठेके में अल्पसंख्यकों को चार फीसदी आरक्षण दिए जाने पर कहा कि कर्नाटक में पिछले 25 सालों से आरक्षण व्यवस्था लागू है, जिसमें एससी, एसटी, ओबीसी, बैकवर्ड क्लास, मोस्ट बैकवर्ड क्लास, और अल्पसंख्यक समुदायों को आरक्षण का लाभ मिल रहा है। यह कोई नया आरक्षण नहीं है।

  • 21 March 2025 11:27 PM IST

    छत्तीसगढ़ विस्फोटक आपूर्ति मामले में एनआईए ने दो माओवादियों के खिलाफ दाखिल किया आरोपपत्र

    राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने शुक्रवार को छत्तीसगढ़ में प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन सीपीआई (माओवादी) द्वारा विस्फोटकों की खरीद और आपूर्ति के मामले में दो आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया। आतंकवाद निरोधी एजेंसी ने जगदलपुर स्थित एनआईए की विशेष अदालत के समक्ष दायर अपने आरोप पत्र में छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के पटनमपारा निवासी मंतोष मंडल और सेला नागार्जुन उर्फ ​​एस नागार्जुन को विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और यूए(पी) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत नामजद किया है।

  • 21 March 2025 11:06 PM IST

    पीएम मोदी के कार्यकाल में बुनियादी ढांचे और किसानों के कल्याण में अभूतपूर्व वृद्धि

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पिछले एक दशक में देश के बुनियादी ढांचे के विकास और किसानों के कल्याण के लिए ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। इंफो इन डाटा की ओर से शेयर की गई जानकारी के अनुसार, साल 2026 तक पीएम मोदी के कार्यकाल में पूंजीगत व्यय (कैपेक्स) 65.82 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच जाएगा।

  • 21 March 2025 10:46 PM IST

    अगर 'घर पर नकदी' का दावा झूठा निकला तो यह आरोप दुखद - हरीश साल्वे

    भारत के पूर्व सॉलिसिटर जनरल और वरिष्ठ अधिवक्ता हरीश साल्वे ने शुक्रवार को कहा कि अगर दिल्ली उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के घर से नकदी की कथित बरामदगी का प्रकरण झूठा निकला तो यह आरोप एक त्रासदी होगी। साल्वे ने कहा, "यह कितनी दुखद बात है। अगर यह आरोप झूठा है, पर एक बहुत अच्छे न्यायाधीश की छवि तुरंत धूमिल हो जाती है।" उन्होंने न्यायमूर्ति यशवंत वर्मा को एक पेशेवर व्यक्ति बताया, जो 'घर पर नकदी' विवाद के केंद्र में हैं।

  • 21 March 2025 10:27 PM IST

    महाराष्ट्र के स्कूलों में सीबीएसई पाठ्यक्रम लागू करना जरूरी योगेश कदम

    महाराष्ट्र राज्य शिक्षा बोर्ड के स्कूलों में सीबीएसई पाठ्यक्रम लागू करने के संबंध में सरकार ने आदेश जारी किया है। इसी शैक्षणिक वर्ष से महाराष्ट्र बोर्ड के स्कूलों में सीबीएसई पैटर्न शुरू किया जाएगा।

  • 21 March 2025 10:06 PM IST

    बिहार के नालंदा में प्रॉपर्टी डीलर नीरज कुमार की हत्या मामले में पांच गिरफ्तार

    बिहार के नालंदा जिले के राजगीर थाना क्षेत्र में प्रॉपर्टी डीलर नीरज कुमार उर्फ मुन्नू (34) की हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। संपत्ति विवाद के चलते नीरज के तीन चचेरे भाइयों ने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया। महज 48 घंटों में पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार, कारतूस और अन्य साक्ष्य भी बरामद कर लिए। यह जानकारी नालंदा के एसपी भारत सोनी ने दी।

  • 21 March 2025 9:49 PM IST

    नागपुर हिंसा पर कांग्रेस नेता हुसैन दलवई बोले, 'हिम्मत है तो औरंगजेब की कब्र हटाओ'

    कांग्रेस नेता हुसैन दलवई ने नागपुर हिंसा को लेकर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर जोरदार निशाना साधा है। उन्होंने मुख्यमंत्री फडणवीस को चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर उनमें हिम्मत है तो मुगल शासक औरंगजेब की कब्र हटाकर दिखाएं।

Created On :   21 March 2025 8:00 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story