Breaking News: आज की बड़ी खबरें 17 अप्रैल 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें.
Live Updates
- 17 April 2025 12:45 PM IST
वक्फ कानून पर सुप्रीम कोर्ट में आज दूसरे दिन भी जारी रहेगी सुनवाई, लंबी बहस की संभावना कम
वक्फ कानून को लेकर गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई है। इस पर केंद्र सरकार भी अपना रुख स्पष्ट करने वाली है। सुनवाई से पहले एडवोकेट प्रदीप कुमार ने आईएएनएस से बातचीत की। उन्होंने कहा कि आज अंतरिम आदेश जारी होने की संभावना है लेकिन आज का दिन इस मामले में निर्णायक हो सकता है।
- 17 April 2025 12:16 PM IST
'BLA को मिलेगा करारा जवाब', हिंदू धर्म-कश्मीर सहित कई मामलों पर पाकिस्तान ने उगला जहर
पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान के आर्मी चीफ जनरल असीम मुनीर ने एक बार फिर जहर उगला है। ओवरसीज पाकिस्तानियों के पहले सालाना सम्मेलन में उन्होंने हिंदू धर्म, भारत, कश्मीर सहित कई मुद्दों पर विवादित बनायबाजी की। उन्होंने कहा कि बीएलए जैसे संगठनों को मुंह तोड़ जवाब दिया जाएगा। जब भारतीय सेना हमें डराने में असफल रही तो आतंकवादी क्या ही उखाड़ लेंगे?
- 17 April 2025 12:15 PM IST
ओडिशा सतकोसिया घाटी में घड़ियाल संरक्षण को बढ़ावा, महानदी में छोड़े गए सात
ओडिशा के अंगुल जिले में लुप्तप्राय घड़ियाल प्रजातियों के संरक्षण के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। महानदी नदी के सतकोसिया घाटी क्षेत्र में सात घड़ियालों को उनके प्राकृतिक आवास में छोड़ा गया। इनमें दो नर और पांच मादा घड़ियाल शामिल हैं। यह रिहाई सतकोसिया घाटी के सुनाखानिया इलाके में हुई, जो महानदी वन्यजीव प्रभाग के अंतर्गत आता है।
- 17 April 2025 12:10 PM IST
राजौरी जिले में निर्माणाधीन पुल गिरा, अब बहुप्रतीक्षित परियोजना में होगी देरी
जम्मू-कश्मीर में राजौरी जिले के हंजना और बरेरी गांवों को जोड़ने वाला एक निर्माणाधीन पुल देर रात तेज हवाओं और क्षेत्र में आए भीषण तूफान के कारण गिर गया। पिछले कुछ सालों से निर्माणाधीन इस पुल का ढांचा पूरी तरह से ध्वस्त हो गया। संबंधित विभाग के अधिकारी और ठेकेदार मौके पर पहुंचे और हालातों का जायजा लिया।
- 17 April 2025 12:00 PM IST
मोगा में नशा तस्करों के घरों पर ड्रोन से रखी जा रही नजर, पुलिस बोली 'संदिग्ध गतिविधियों का चला पता'
पंजाब सरकार के नशा मुक्ति अभियान के तहत मोगा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। मोगा एसएसपी अजय गांधी के दिशा-निर्देश और डीएसपी सिटी रविंद्र सिंह की अगुवाई में साधां वाली बस्ती में ड्रोन के माध्यम से नशा तस्करों के घरों पर निगरानी रखी गई। इस दौरान कई चौंकाने वाले खुलासे हुए।
- 17 April 2025 11:50 AM IST
आरजेडी और कांग्रेस को देश में बदलाव नहीं दिखता तो चश्मा पहन लें केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह
केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी पटना दौरे को लेकर विपक्ष पर हमला बोला है। चिर-परिचित अंदाज में विरोधियों को सलाह दी कि अगर विकास नहीं दिखता तो 'चश्मा' पहन लें। गिरिराज सिंह ने कहा, " 24 अप्रैल को पटना एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का उद्घाटन होने जा रहा है, जो बदलते बिहार की तस्वीर को दर्शाता है। अब यह बदलता हुआ बिहार है। अगर आरजेडी और कांग्रेस को यह बदलाव नहीं दिखाई दे रहा है, तो उन्हें चश्मा पहन लेना चाहिए। बीते दस वर्ष में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिस तरह से बिहार के इंफ्रास्ट्रक्चर को बदलने का काम किया है, वह अपने आप में मिसाल है।"
- 17 April 2025 11:40 AM IST
सीआरपीएफ ने 2001 में संसद भवन पर हुए हमले को नाकाम किया अमित शाह
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने गुरुवार को मध्य प्रदेश के नीमच में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) परेड ग्राउंड में आयोजित 'राइजिंग डे' समारोह में हिस्सा लिया। इस अवसर पर गृहमंत्री ने अपने संबोधन में सीआरपीएफ की वीरता, शौर्य और देश सेवा के प्रति समर्पण की प्रशंसा की। शाह ने 2001 में संसद पर हुए हमले को नाकाम करने का श्रेय भी अर्धसैनिक बल के शूरवीरों को दिया।
- 17 April 2025 11:30 AM IST
पश्चिम बंगाल हिंसा पीड़ितों से मुलाकात करेगी एनसीडब्ल्यू की टीम
राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) का एक प्रतिनिधिमंडल पश्चिम बंगाल के हिंसा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेगा और पीड़ितों से मुलाकात करेगा। एनसीडब्ल्यू का यह डेलीगेशन गुरुवार शाम कोलकाता पहुंचेगा और 18 अप्रैल को मालदा और 19 अप्रैल को मुर्शिदाबाद जाएगा। राष्ट्रीय महिला आयोग की समिति मुर्शिदाबाद हिंसा की जांच करेगी। राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर व्यक्तिगत रूप से हिंसा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगी और पीड़ितों से मुलाकात करेंगी।
- 17 April 2025 11:20 AM IST
वैश्विक चुनौतियों के बीच भारत के परिधान निर्यात में जबरदस्त उछाल
भारतीय वस्त्र उद्योग परिसंघ (सीआईटीआई) के अनुसार, 31 मार्च, 2025 को समाप्त चालू वित्त वर्ष के दौरान भारत के वस्त्र और परिधान निर्यात में पिछले वर्ष की तुलना में 6.32 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। इस वृद्धि के लिए परिधान क्षेत्र अहम रहा। एक विश्लेषण से पता चलता है कि वस्त्र और परिधान के निर्यात में यह वृद्धि मुख्य रूप से परिधान निर्यात के कारण हुई है, जिसमें चालू वित्त वर्ष के दौरान 10.03 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
- 17 April 2025 11:10 AM IST
ब्राजील टमाटर फार्म पहुंचे शिवराज सिंह चौहान, बोले- 'उन्नत अनुसंधान को देखकर अत्यंत प्रसन्नता हुई'
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान इन दिनों ब्रिक्स कृषि मंत्रियों की 15वीं बैठक में भाग के लिए ब्राजील गए हुए हैं। इस बैठक से पहले कृषि मंत्री ब्राजील के टमाटर फॉर्म पहुंचे और कृषि सिंचाई तकनीक का जायजा लिया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर किए अपने एक वीडियो पोस्ट में इसकी जानकारी दी।
Created On :   17 April 2025 8:00 AM IST