Breaking News: आज की बड़ी खबरें 06 फरवरी 2025 हिंदी न्यूज़ लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें
Live Updates
- 6 Feb 2025 8:12 PM IST
IND vs ENG पहला वनडे - शुभमन गिल ने बनाया अर्धशतक
नागपुर में खेले जा रहे भारत और इंग्लैंड के बीच वनडे मैच में भारत ने 26 ओवर के बाद तीन विकेट के नुकसान पर 170 रन बना लिए हैं। मैच जीतने के लिए भारत को 79 रन की जरूरत है। इंग्लैंड 47.4 ओवर में 248 रन पर ऑल आउट हो गया था।
- 6 Feb 2025 8:01 PM IST
आपातकाल पर 10 साल से बोले रहे पीएम - सीपीआईएम सांसद जॉन ब्रिटास
राज्यसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन पर CPI-M सांसद जॉन ब्रिटास ने कहा, "यह निराशाजनक है कि पीएम आपातकाल का सहारा लेते रहे, उन्हें आपातकाल के बारे में बोलते हुए लगभग 10 साल हो गए हैं। मुझे नहीं लगता कि पीएम को अपनी सरकार की कमियों के लिए कांग्रेस सरकार की विफलताओं का बहाना लेना चाहिए।"
- 6 Feb 2025 7:45 PM IST
पीएम मोदी ने 'सबका साथ सबका विकास' के बारे में बताया - रामदास अठावले
केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने राज्यसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण पर कहा, "प्रधानमंत्री ने 'सबका साथ सबका विकास' क्या होता है उसके बारे में बताया। जिन वर्गों के ऊपर किसी का ध्यान नहीं गया उनके विकास के लिए मोदी सरकार ने कितना काम किया है और कितने प्रयास किए उसकी जानकारी दी। कांग्रेस पार्टी को बाबा साहेब से बिल्कुल प्रेम नहीं था। प्रधानमंत्री का आज का भाषण बहुत अच्छा रहा। उन्होंने कांग्रेस पार्टी की गलतियों की ओर ध्यान देने का प्रयास किया।"
- 6 Feb 2025 7:14 PM IST
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से सचिन तेंदुलकर ने की मुलाकात
भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में पूर्व भारतीय क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर और उनके परिवार से मुलाकात की।
- 6 Feb 2025 6:57 PM IST
प्रधानमंत्री मोदी ने तथ्यों के साथ अपनी बात रखी- चिराग पासवान
राज्यसभा में प्रधानमंत्री मोदी के भाषण पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी ने तथ्यों के साथ अपनी बात रखी। उन्होंने पिछले 10 साल की उपलब्धियां रखी। साथ ही अभी तक देश आगे क्यों नहीं बढ़ पाया, इसके कारण भी उन्होंने मजबूती से बताए।उन्होंने कहा कि संतुष्टिकरण की राजनीति है, तुष्टिकरण की नहीं।"
- 6 Feb 2025 6:44 PM IST
अमेरिका से अवैध भारतीय प्रवासियों के निर्वासन पर कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम का रिएक्शन
अमेरिका से अवैध भारतीय प्रवासियों के निर्वासन पर कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम ने कहा, "इस मुद्दे के दो पक्ष हैं। एक पक्ष निर्वासितों के साथ गैर-मानवीय व्यवहार के बारे में है। निर्वासन मानवीय तरीके से किया जाना चाहिए, उन्हें जंजीरों में बांधकर सैन्य विमान में नहीं ले जाया जा सकता। दूसरा पक्ष यह है कि वे अवैध रूप से अमेरिका में प्रवेश करने की कोशिश क्यों करते हैं। वे भारत क्यों छोड़ते हैं? जाहिर है, उन्हें लगता है कि भारत में उनकी स्थिति बदतर होगी। भारत सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए क्या कर रही है कि भारतीय युवा अवैध रूप से दूसरे देश में प्रवेश न करें।"
- 6 Feb 2025 6:34 PM IST
राज्यसभा में प्रधानमंत्री मोदी के भाषण पर कांग्रेस सांसद जयराम रमेश की प्रतिक्रिया
राज्यसभा में आज प्रधानमंत्री मोदी के भाषण पर कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने कहा, "90 मिनट के भाषण में 'प्रधानमंत्री इतिहास तोड़ मरोड़ योजना' और 'प्रधानमंत्री कांग्रेस बदनाम योजना' इसके अलावा कुछ नहीं था। यह एक चुनावी भाषण था। प्रधानमंत्री 90 मिनट झूठ की गंगा बहाते रहे।"
- 6 Feb 2025 6:11 PM IST
जवाई बांध को लेकर राजस्थान सरकार को एक श्वेत पत्र जारी करना चाहिए - कांग्रेस नेता वैभव गहलोत
कांग्रेस नेता वैभव गहलोत ने कहा , " जवाई बांध को लेकर राजस्थान सरकार को एक श्वेत पत्र जारी करना चाहिए और वस्तुस्थिति पूरी तरह स्पष्ट करनी चाहिए। कल मुख्यमंत्री ने कहा है कि हम कांग्रेस के राज में जो स्वीकृत हुआ था, उसे बंद करेंगे। मुख्यमंत्री को इस पर स्पष्टिकरण देना चाहिए। "
- 6 Feb 2025 6:01 PM IST
दिल्ली चुनाव के लिए मतदान में लगभग 60.54% मतदान दर्ज किया गया
ECI के वोटर टर्नआउट एप्लिकेशन के अनुसार, दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मतदान में लगभग 60.54% मतदान दर्ज किया गया।
- 6 Feb 2025 5:54 PM IST
दिल्ली चुनाव के एग्जिट पोल पर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत की प्रतिक्रिया
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल के नतीजों पर कहा, "जो जनता की भावना हमने देखी है उसके आधार पर मैं कह सकता हूं कि भाजपा दिल्ली में प्रचंड बहुमत के साथ आ रही है। आम आदमी पार्टी का चरित्र बेनकाब हो गया है। इस बार जनता ने उनकी विदाई तय कर दी है।" राज्यसभा में प्रधानमंत्री मोदी के भाषण पर उन्होंने कहा, "परिवारवाद को लेकर कुछ राजनीतिक दल के लोग कुछ भ्रांतियां अलग तरह से फैलाने की कोशिश कर रहे थे। परिवारवाद की परिभाषा आज ठीक से परिभाषित हो गई।"
Created On :   6 Feb 2025 8:00 AM IST