Breaking News: आज की बड़ी खबरें 03 फरवरी 2025 हिंदी न्यूज़ लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें
Live Updates
- 3 Feb 2025 10:27 AM IST
गरीब और अमीर लोगों को एक साथ आना होगा - चंद्रबाबू नायडू
आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू ने कहा," आम आदमी अब मध्यम वर्ग बन रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोगों को बताना चाहते थे कि मध्यम वर्ग भी महत्वपूर्ण है। यहीं पर 12 लाख रुपये तक की आय पर आयकर छूट से मदद मिलने वाली है। गरीब लोगों और अमीर लोगों को एक साथ आना होगा। भारत सरकार शून्य गरीबी (केंद्रीय बजट के माध्यम से) कह रही है।"
- 3 Feb 2025 10:12 AM IST
दिल्ली में बीजेपी की होगी ऐतिहासिक जीत - संजय जायसवाल
दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी नेता संजय जायसवाल ने कहा कि जिस प्रकार का उत्साह दिल्ली में देखने को मिल रहा है, वैसा पहले कभी नहीं देखा गया। दिल्ली की जनता ने ठान लिया है कि इस बार आम आदमी पार्टी को वहीं पहुंचाना है, जहां पर आज कांग्रेस खड़ी है। INDI गठबंधन का हाल बट जाने के बाद भी वही होगा जो लोकसभा चुनाव में हुआ था। लोकसभा में हमने सात सीटें जीतीं और इस बार विधानसभा में भी भाजपा की ऐतिहासिक जीत होगी। देश और दिल्ली के हर व्यक्ति को प्रधानमंत्री मोदी की गारंटी पर भरोसा है और आज दिल्ली का हर नागरिक मोदी जी की गारंटी पर भाजपा और एनडीए को वोट दे रहा है।
- 3 Feb 2025 10:00 AM IST
मेरिकी टैरिफ से लाल निशान में खुला शेयर बाजार, मिडकैप और स्मॉलकैप में बिकवाली
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से कनाडा, मैक्सिको और चीन पर ट्रेड टैरिफ लगाए जाने के चलते भारतीय शेयर बाजार सोमवार को लाल निशान में खुला। बाजार में चौतरफा बिकवाली देखी जा रही है। सुबह 9:26 बजे सेंसेक्स 527 अंक या 0.68 प्रतिशत की गिरावट के साथ 77,019 और निफ्टी 165 अंक या 0.70 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,317 पर था।
- 3 Feb 2025 9:55 AM IST
बसंत पंचमी पर त्रिवेणी संगम में अमृत स्नान करने वाले साधु-संतों और श्रद्धालुओं को सीएम योगी ने दी बधाई
बसंत पंचमी के पावन अवसर पर महाकुंभ 2025 में पवित्र त्रिवेणी संगम में अमृत स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित करने वाले पूज्य साधु-संतों, धर्माचार्यों, सभी अखाड़ों, कल्पवासियों एवं श्रद्धालुओं को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हार्दिक बधाई दी।
- 3 Feb 2025 9:48 AM IST
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के 'लिट्टी विथ मांझी' में पहुंचे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार
एक तरफ पटना में हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा द्वारा आयोजित 'लिट्टी विथ मांझी' लिट्टी पार्टी में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शामिल हुए, वहीं दूसरी तरफ जहानाबाद में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने अगले विधानसभा चुनाव में 20 से अधिक सीटों की मांग कर दी। केंद्रीय मंत्री मांझी ने कहा है कि इस बार हर हाल में अपना हिस्सा लेकर रहेंगे।
- 3 Feb 2025 9:44 AM IST
दिल्ली में वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में पहुंची
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, दिल्ली की हवा की गुणवत्ता 'बहुत खराब' श्रेणी में पहुंच गई है। सोमवार सुबह 6 बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 313 था।
- 3 Feb 2025 9:37 AM IST
'2047 के विकसित भारत को दर्शाता है बजट' - चंद्रबाबू नायडू
आंध्र प्रदेश के सीएम एन चंद्रबाबू नायडू ने कहा,"पूरी दुनिया के लोग भारत के विकास को देख रहे हैं। हाल ही में दावोस की अपनी यात्रा के दौरान भी मैंने भारत के विकास में काफी रुचि देखी है। भारत वैश्विक आर्थिक विकास के लिए एक आकर्षक कारक है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के माध्यम से भारत वैश्विक अर्थव्यवस्था में बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाने जा रहा है..."
उन्होंने #UnionBudget2025 पर कहा, "...यदि आप बजट को देखें तो यह 2047 के विकसित भारत को दर्शाता है।"
- 3 Feb 2025 9:25 AM IST
तमिलनाडू के सीएम एम. के. स्टालिन ने निकाला शांति मार्च
तमिलनाडु के सीएम एम.के.स्टालिन, उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन अन्य डीएमके नेताओं के साथ तमिलनाडु के पूर्व सीएम सीएन अन्नादुरई की 56वीं पुण्यतिथि के अवसर पर शांतिपूर्ण मार्च निकाला और श्रद्धांजलि अर्पित की।
- 3 Feb 2025 9:16 AM IST
'किन्नर अखाड़ा एक था, एक है और एक रहेगा' - आचार्य लक्ष्मीनारायण त्रिपाठी
आज प्रयागराज महाकुंभ में बसंत पंचमी का अमृत स्नान है। इसे लेकर किन्नर अखाड़े के आचार्य लक्ष्मीनारायण त्रिपाठी ने कहा, "आज बसंत पंचमी का अमृत स्नान है, हम सब बहुत खुश हैं। पूरा किन्नर अखाड़ा एक था, एक है और एक रहेगा।"
- 3 Feb 2025 8:59 AM IST
पवित्र स्नान कर सभी श्रद्धालुओं को दी सीएम योगी ने बधाई
महाकुंभ की तीसरा अमृत स्नान बसंत पंचमी पर सोमवार तड़के प्रारंभ हो गया जिसमें देश-दुनिया से लाखों श्रद्धालु गंगा, यमुना और सरस्वती के पवित्र त्रिवेणी संगम में आस्था की डुबकी लगाने आ रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रद्धालुओं को बसंत पंचमी की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।
Created On :   3 Feb 2025 8:00 AM IST