अपराध: बिहार-झारखंड में मोस्टवांटेड नक्सली कमांडर सीताराम रजवार गिरफ्तार, दोनों राज्यों में घोषित था 13 लाख का इनाम

बिहार-झारखंड में मोस्टवांटेड नक्सली कमांडर सीताराम रजवार गिरफ्तार, दोनों राज्यों में घोषित था 13 लाख का इनाम
बिहार-झारखंड में 51 नक्सल वारदातों में वांटेड रहे माओवादी सीताराम रजवार उर्फ रमन रजवार को झारखंड के पलामू जिले की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उस पर झारखंड सरकार ने 10 लाख और बिहार सरकार ने 3 लाख रुपए का इनाम घोषित कर रखा था।

रांची, 9 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार-झारखंड में 51 नक्सल वारदातों में वांटेड रहे माओवादी सीताराम रजवार उर्फ रमन रजवार को झारखंड के पलामू जिले की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उस पर झारखंड सरकार ने 10 लाख और बिहार सरकार ने 3 लाख रुपए का इनाम घोषित कर रखा था।

65 वर्षीय सीताराम रजवार पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में झपिया पहाड़ के पास अपने दस्ते के साथ रुका हुआ था और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहा था।

पलामू की एसपी रिष्मा रमेशन ने शुक्रवार को एक प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस की ओर से चलाए गए ऑपरेशन के दौरान सीताराम रजवार को पकड़ा गया। माओवादी संगठन में उसका ओहदा जोनल कमांडर का है। उसके साथ 15 लाख का इनामी नितेश यादव भी था, लेकिन पुलिस टीम को देखते ही वह अंधेरे का फायदा उठाकर अपने दस्ते के साथ भागने में सफल रहा।

एसपी ने बताया कि सीताराम रजवार बिहार के औरंगाबाद जिला अंतर्गत एनटीपीसी खैरा थाना क्षेत्र के सलैया गांव का रहने वाला है। वह बिहार और झारखंड दोनों राज्यों में बड़े नक्सली कांडों में शामिल रहा है। पलामू जिले में उसके खिलाफ 28 केस दर्ज हैं। जबकि, बिहार, औरंगाबाद और गया जिलों के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में उस पर 23 एफआईआर दर्ज हैं। वह 35-40 वर्षों से माओवादी दस्ते में शामिल था। उसके खिलाफ वर्ष 1995 में पहला मुकदमा दर्ज किया गया था।

सीताराम एके-56 लेकर चलता था। वर्ष 2001 में बिहार के माली थाने पर हमला बोलकर छह पुलिसकर्मियों की हत्या और हथियारों की लूट, औरंगाबाद जिले में एक जमींदार की हत्या, मोनबार में जन अदालत लगाकर चार लोगों को फांसी पर चढ़ा देने, वर्ष 2009 में विधानसभा चुनाव के समय झारखंड के मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र में पोलिंग पार्टी पर हमला, काला पहाड़ में पुलिस वाहन को उड़ाने जैसी घटनाओं की अगुवाई सीताराम रजवार ने ही की थी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   9 Aug 2024 1:39 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story