दुल्हन की तरह सज-धज कर तैयार अयोध्या, दीपोत्सव पर रूस समेत आठ देशों के कलाकार करेंगे रामलीला का मंचन

- रूस में साल 1960 से रामलीला का आयोजन किया जा रहा है
डिजिटल डेस्क, अयोध्या। उत्तर प्रदेश के अयोध्या में दीपोत्सव को लेकर तैयारियां तेजी से चल रही हैं। इस बार दीपोत्सव के मौके पर रूस समेत आठ देशों के कलाकार मंच पर रामलीला का अभिनय करेंगे। इस आयोजन में रूस के 12 कलाकार हिस्सा लेंगे।
रामलीला के निर्देशक का कहना है कि रूस में साल 1960 से रामलीला का आयोजन किया जा रहा है। वहां के लोग प्रभु श्रीराम को अपना आदर्श मानते हैं। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में होनी वाली रामलीला के लिए विदेशी कलाकारों को मंच दिया है। 2017 से शुरू हुए दीपोत्सव कार्यक्रम में विदेशी कलाकार रामलीला में अभिनय कर रहे हैं। इस बार देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।
ये कलाकार निभाएंगे किरदार
अयोध्या में रूसी-भारतीय मैत्री संघ दिशा के तत्वाधान में पद्मश्री गेनादी पेचनिकोव मेमोरियल रामलीला अयोध्या के दीपोत्सव मंच पर दिखेगी। कलाकारों के मुताबिक, वे राम के जीवन से प्रेरणा लेकर ही निरंतर आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने श्रीराम के आदर्शो को जिया है। रूस की रामलीला में इलदार खुसनुललीन मर्यादा पुरूषोत्तम श्रीराम की भूमिका में दिखेंगे।
वहीं मिलाना बयचोनेक मां सीता, नादेजदा सिंह कौशल्या, रती कोसिनोवा सुमित्रा, मर्गरीता कोसिनोवा बानर, गुलनारा इसकाकोवा कैकेयी, अलेक्सी फ्लेयजनिकाव लक्ष्मण, वयचीसलाव चेरन्याश रावण की भूमिका निभाएंगे। साथ ही कुशनेरोवा दारिया हुनमान व भरत, देनिश शेवतसोव दशरथ व आर्टेम जुबकोव सुग्रीव के किरदार में भूमिका निभाएंगे।
आठ देशों के कलाकार करेंगे रामलीला में अभिनय
योगी सरकार के साल 2017 में पहली बार सत्ता में आने से ही दीपोत्सव कार्यक्रम शुरू हुआ था। तभी से रामलीला में विदेशी कलाकारों को बुलाया जा रहा है। इस बार दीपोत्सव को ऐतिहासिक बनाने के लिए आठ देशों के कलाकार अयोध्या में रामलीला का मंचन करेंगे। इनमें रूस, इंडोनेशिया, मलेशिया, थाइलैंड, फिजी, श्रीलंका, टोबैगो व त्रिनिडाड के कलाकार शामिल हो रहे हैं।
17 लाख दीपक से जगमग होगी रामनगरी
इस बार अयोध्या में दीपोत्सव कार्यक्रम में 17 लाख दीपक जलाए जाएंगे। बीते साल 9 लाख मिट्टी के दिए जलाए गए थे। जबकि साल 2020 में 5.84 लाख दीपक जलाए गए थे। इस बार फिर से दीपोत्सव कार्यक्रम वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की ओर अग्रसर है।
Created On :   22 Oct 2022 11:02 PM IST