ओमान दौरा: भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने 8 वें हिंद महासागर सम्मेलन को किया संबोधित, साझा इतिहास और संबंधों पर डाला फोकस

- क्षेत्रीय सहयोग बढ़ाने पर फोकस
- दोनों देशों के संबंधों को लेकर एक किताब का हुआ विमोचन
- कई देशों के विदेश मंत्रियों से हुई मुलाकात
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। ओमान दौरे पर गए भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सोमवार को आठवें हिंद महासागर सम्मेलन को संबोधित किया। जयशंकर ने ओमान की सरकार को हिंद महासागर सम्मेलन आयोजित करने के लिए सराहाना की।
हिंद महासागर सम्मेलन से इतर भारतीय विदेश मंत्री ने ने ब्रुनेई, बांग्लादेश, ईरान, भूटान, श्रीलंका, मालदीव और मॉरीशस, नेपाल के विदेश मंत्रियों के साथ द्विपक्षीय बैठक की। इन बैठकों में क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर आपसी सहयोग और हिंद महासागर में समन्वय और सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई।
जयशंकर ने दोनों देशों के कूटनीतिक संबंधों के 7 दशक पूरे होने के मौके पर एक लोगो भी लॉन्च किया। उन्होंने दोनों देशों की साझा विरासत पर एक किताब का विमोचन भी किया। विदेश मंत्री ने ओमान के विदेश मंत्री सैयद बद्र अलबुसैदी के साथ द्विपक्षीय बैठक की। इस बैठक में दोनों देशों के संबंधों को और मजबूत करने पर बात की गई।
जयशंकर ने ओमान के विदेश मंत्री के साथ मिलकर 'मांडवी टू मस्कट: भारतीय समुदाय और भारत और ओमान का साझा इतिहास' नामक किताब का विमोचन किया। किताब में ओमान में भारतीय मूल के लोगों के योगदान और सदियों पुराने रिश्तों पर प्रकाश डाला गया है।
विदेश मंत्रालय ने जानकारी देते हुए बताया कि विदेश मंत्री आठवें हिंद महासागर सम्मेलन में उद्घाटन सत्र को संबोधित करेंगे। अपने संबोधन में विदेश मंत्री भारत के समर्पण को रेखांकित करेंगे, जिसमें क्षेत्रीय सहयोग को मजबूत करने और स्थिर और समृद्ध हिंद महासागर क्षेत्र की बात कही।
Created On :   17 Feb 2025 11:49 AM IST