Chaitra Navratri 2025: दूसरे दिन करें मां ब्रह्मचारिणी की आराधना, जानिए पूजा विधि और मंत्र

- पूजा से कार्यों में आ रही रुकावटें दूर होती हैं
- मां ब्रह्मचारिणी की पूजा से विजय की प्राप्ति होती है
- इस दिन मां सरस्वती की भी पूजा भी की जा सकती है
डिजिटल डेस्क, भोपाल। नवरात्रि के दूसरे दिन मां दुर्गा के ब्रह्मचारिणी (Maa Brahmacharini) स्वरूप की पूजा की जाती है। यहां ब्रह्म का अर्थ तपस्या और चारिणी का आचरण करने वाली अर्थात तप का आचरण करने वाली मां ब्रह्मचारिणी को हम प्रणाम करते हैं। चैत्र नवरात्रि में (Chaitra Navratri) आज यानि कि 31 मार्च, सोमवार के दिन माता ब्रह्मचारिणी की पूजा अर्चना की जा रही है। ऐसा माना जाता है कि, मां ब्रह्मचारिणी की पूजा से कार्यों में आ रही रुकावटें, बाधाएं दूर हो जाती हैं और विजय की प्राप्ति होती है।
ज्योतिषाचार्य के अनुसार, इस दिन मां सरस्वती की भी पूजा भी की जा सकती है। मां ब्रह्मचारिणी को शक्कर का भोग लगाएं। इसके अलावा मां ब्रह्मचारिणी को मिश्री और पंचामृत का भोग प्रिय माना जाता है। इसके अलावा मां को सफेद मिठाई या फल भी अर्पित कर सकते हैं। आइए जानते हैं मां के स्वरूप और पूजा विधि के बारे में...
स्वरूप
मां का ब्रह्मचारिणी रूप बेहद शांत, सौम्य और मोहक है। माता के सीधे हाथ में जप की माला और उल्टे हाथ में कमण्डल होता है। मान्यता है कि, देवी की पूजा करने से व्यक्ति का आत्मविश्वास बढ़ता है जिससे वह बिना घबराए जीवन की समस्त चुनौतियों का सामना कर सकता है।
इस विधि से करें पूजा
- एक फूल लेकर मां का ध्यान करें और प्रार्थना करें।
- इसके बाद देवी को पंचामृत स्नान कराएं।
- इसके बाद अलग-अलग तरह के फूल, खास तौर पर सफेद व सुगंधित फूल देवी को अर्पित करें।
- माता को अक्षत, कुमकुम, सिन्दुर, अर्पित करें।
- माता को उनका मनपसंद भोग लगाएं।
- मां ब्रह्मचारिणी का ध्यान करते हुए उनका आह्वान करें।
पूजा के दौरान इस मंत्र का करें जाप
मां ब्रह्मचारिणी का बीज मंत्र: 'ह्रीं श्री अम्बिकायै नमः'
या देवी सर्वभूतेषु माँ ब्रह्मचारिणी रूपेण संस्थिता।
नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नम:।।' ।
डिसक्लेमरः इस आलेख में दी गई जानकारी अलग अलग किताब और अध्ययन के आधार पर दी गई है। bhaskarhindi.com यह दावा नहीं करता कि ये जानकारी पूरी तरह सही है। पूरी और सही जानकारी के लिए संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञ (ज्योतिष/वास्तुशास्त्री/ अन्य एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें।
Created On :   31 March 2025 1:07 PM IST