- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- रीवा
- /
- मिनी ट्रक में बनाया सीक्रेट चेम्बर...
मिनी ट्रक में बनाया सीक्रेट चेम्बर और छिपाकर ला रहे थे 32 लाख का गांजा

डिजिटल डेस्क, रीवा। उड़ीसा से एक बार फिर गांजा की बड़ी खेप रीवा पहुंची, लेकिन पुलिस के हाथ लग गई। मनगवां थाना क्षेत्र के ग्राम आंबी आलमगंज मार्ग में मिनी ट्रक में लोड गांजा की यह खेप जब्त की गई है। गांजा की इस खेप के साथ चालक और सह चालक भी पकड़े गए हैं, जिनसे पुलिस पूछताछ कर रही है। जब्त गांजा का वजन 320 किलो बताया जा रहा है। इस गांजा की कीमत पुलिस के मुताबिक 32 लाख रूपये है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को गांजा की खेप आने की सूचना मुखबिर से मिली थी, जिस पर मनगवां थाना प्रभारी को चेकिंग के लिए निर्देशित किया गया। पुलिस को एक टाटा मेटाडोर संदिग्ध हालत में मिली। बताया जा रहा है कि गांजा की खेप सुरक्षित तरीके से लाने के लिए वाहन में विशेष व्यवस्था की गई थी। वाहन के एक हिस्से को विशेष रूप से तैयार किया गया था। लेकिन पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी इस वजह से इनकी पोल खुल गई। पुलिस को यह मिनी ट्रक खाली मिला। लेकिन जब पारखी नजरों से छानबीन की तो पता चला कि ट्रक के फर्श के नीचे भी एक सीक्रेट चेम्बर नुमा फर्श है। गांजा यही पर छिपाकर रखा गया था।
गांजा के चालीस पैकेट
मिनी ट्रक क्रमांक सीजी 07- सीए 9534 से पुलिस ने गांजा के 40 पैकेट बरामद किए हैं। पुलिस को भी यकीन नहीं था कि इस खाली दिख रहे मिनी ट्रक से इतना गांजा मिलेगा।
ये हुए हैं गिरफ्तार
गांजा की इस खेप के साथ वाहन चालक मनोज मण्डल पिता विष्णु मण्डल 27 साल निवासी एमबी 51 बाली मेला बगरिया गुढ़ थाना मलखान गिरि उड़ीसा और सह चालक भोलानाथ विश्वास पिता हरिपादव 36 साल निवासी एमबी 85 झारा पाली थाना मलखान गिरि उड़ीसा पकड़े गए हैं। इनसे पूछताछ कर गांजा के इस कारोबार से जुड़ी जानकारियां जुटाई जा रही है।
टीम को मिलेगा ईनाम
गांजा की इस खेप को पकडऩे में मनगवां थाना के उप निरीक्षक मृगेन्द्र सिंह बघेल, आरक्षक अशोक सिंह, अखिल सिंह, अरूणेन्द्र सिंह, प्रशांत विश्वकर्मा एवं कमलेश प्रसाद की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने इस सर्चिंग टीम को ईनाम देने की घोषणा की है।
इनका कहना है
गांजा की खेप लाने के लिए मिनी ट्रक को विशेष रूप से बनाया गया था। लेकिन इसके बाद भी यह खेप पकड़ी गई। इस वाहन से 320 किलो गांजा मिला है। गांजा के साथ चालक और सह चालक गिरफ्तार हुए हैं। इनसे पूछताछ कर और जानकारियां जुटाई जा रही हैं। आबिद खान, एसपी
Created On :   21 Aug 2019 2:21 PM IST